मंत्रललितपुर। सीएमओ के चालक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने से पूर्व बनाया गया वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। नगर कांग्रेस कमेटी ने वीडियो में एक मंत्री का नाम सामने आने के बाद मंत्री की बर्खास्तगी की मांग कर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगर कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ज्ञापन भेजा है, जिसमें बताया कि ललितपुर में सीएमओ के चालक राजकुमार दुबे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी और उसने अपनी मृत्यु से पूर्व फांसी लगाने का कारण और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एक वीडियो बनाकर भी वायरल किया। जिसमें उसने अन्य आरोपियों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश सरकार के एक मंत्री पर उसको एक मुकदमे में बचाने के एवज में बीस लाख रुपये लेने एवं अन्य लोगों द्वारा पैसे को लेकर प्रताड़ित करने की बात कही गई है। इसके अलावा वर्तमान में एक नए मामले में पचास हजार रुपये मांगने के संबंध में आरोप लगाया है। जिसके बाद जिलाधिकारी ने इस संबंध में आनन-फानन में मजिस्ट्रीयल जांच कराने का आदेश जारी किया है। जिसके संबंध में नगर कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री से रहा है कि इस मामले की सीबीआई जांच कराई जाए और जिलाधिकारी ललितपुर द्वारा जो मजिस्ट्रीयल जांच का आदेश पारित किया है, उसके लिए मंत्री निश्चित रुप से जांच प्रभावित करेंगे और अन्य आरोपी भी जिनका नाम राजकुमार दुबे ने वायरल वीडियो में लिया हैं, वह लोग भी मंत्री से मिलकर साक्ष्यों को नष्ट करने का प्रयास करेंगे। ऐसी स्थिति में वायरल वीडियो में जिस मंत्री पर आरोप हैं, उन्हें बर्खास्त कर उक्त मामले की सीबीआई के माध्यम से निष्पक्ष जांच कराए जाने का आदेश पारित करें। ज्ञापन पर नगर अध्यक्ष हरीबाबू शर्मा, मु. आसिफ, अजय प्रताप सिंह तोमर, अंकित यादव, संजय जाटव आदि के हस्ताक्षर हैं।