ललितपुर। यूपी दिवस के समापन पर राजकीय इंटर कॉलेज में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। जादूगर श्याम ने कन्या भ्रूण हत्या, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना पर जादू प्रस्तुत किया। दहेज प्रतिशोध, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल विवाह, बाल श्रम आदि के बारे में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ एवं विशिष्ट अतिथि सदर विधायक रामरतन कुशवाहा रहे। जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने अध्यक्षता की। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजनांतर्गत पात्र बालिकाओं को स्वीकृति पत्र वितरित किए। जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल ने बालक/ बालिकाओं एवं अतिथिगणों को कैप व कलैंडर वितरित किए गए। प्राथमिक विद्यालय रजवारा की प्रधानाध्यापिका नीलम जैन के नेतृत्व में बालिकाओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर आधारित थीम सांग पर नृत्य किया। राजकीय इंटर कॉलेज के छात्रों एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा गीत व नृत्य प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि ने सभी को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

यूपी दिवस पर अधिकारियों को शपथ दिलाते राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ।- फोटो : LALITPUR