ललितपुर। थाना महरौनी के अंतर्गत ग्राम पड़वां स्थित पुतलीघाट पर चौकीदार को मारपीट कर 50 ट्रॉली बालू लूटने में दो नामजद किए गए हैं। इसके अलावा अप्रत्यक्ष रूप से आरोपियों का सहयोग करने के आरोप में नायब तहसीलदार के खिलाफ महरौनी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना महरौनी के ग्राम पड़वा, हाल शहर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी राममिलन दुबे ने महरौनी काउंटर सेल पर पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर बताया कि उसने फर्म रामराजा मिनरल्स शासन द्वारा पड़वा घाट, पुतलीघाट का विधिवत रूप से बालू निकासी के लिए खनन पट्टा लिया है। उसके मजदूरों द्वारा मौके पर बालू एकत्रित कर रखा गया है। जिसकी सुरक्षा के लिए उसके द्वारा चौकीदार नियुक्त किया गया है। आरोप है कि 28 जून की रात चौकीदार बालू की चौकीदारी का रखवाली कर रहा था तभी राजेंद्र सिंह, अमर सिंह प्रधानपति ग्राम पंचायत पड़वा अपने 8-10 अज्ञात साथियों सहित ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर आए और टॉली में बालू भरने लगे। चौकीदार के विरोध करने पर उन लोगों ने उसे गाली गलौज कर मारपीट की। आरोप है कि अभी तक करीब 50 ट्रॉली बालू की लूट की जा चुकी है। घटना के पूर्व भी उसने इस संबंध में नायब तहसीलदार महरौनी को अवगत कराया, लेकिन उनके द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करते हुए दोनों आरोपियों का पक्ष लिया गया। उसने आरोप लगाया कि लूट में नायब तहसीलदार महरौनी का अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्राप्त है। मामले में राममिलन की तहरीर के आधार पर महरौनी पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।