ललितपुर। थाना बार अंतर्गत ग्राम बरौदाडांग निवासी युवक ने बुधवार को घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि एक अध्यापक द्वारा उसकी पिटाई किए जाने से नाराज होकर फांसी लगा ली। जानकारी मिलने पर थाना बार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना बार क्षेत्र के ग्राम बरौराडांग निवासी घनश्याम (26) पुत्र कनई कुशवाहा नमामि गंगे योजना के अंतर्गत पाइप लाइन में नल कनेक्शन करने का काम करता था। बीते बुधवार की शाम पांच बजे वह घर पर था, तभी उसने घर में ही एक कमरे में जाकर म्यारी (लकड़ी) पर साड़ी की रस्सी से फंदे से लटककर जान दे दी। उसी समय उसके छोटे भाई की पत्नी रानी खाना बनाने के लिए कुछ सामान लेने उसके कमरे में गई, तो जेठ घनश्याम को फंदे पर लटकता देख चीखते चिल्लाते हुए भागी। जिस पर वहां उसका छोटा भाई गोलू भी पहुंच गया और रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी मिलने पर थाना बार पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के भाई वीरन ने आरोप लगाते हुए बताया कि गांव में ही एक स्कूल अध्यापक ने उसके भाई घनश्याम को किसी बात को लेकर लाठियों से मारपीट की थी, जिसके बाद वह शाम को घर गया और फांसी लगाकर जान दे दी। अध्यापक से मारपीट की बात मृतक के बेटे मोतीलाल ने ही उसे व उसके परिजनों को बताई है। मृतक के दो बेटा हैं और वह तीन भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था।