ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा बिरधा निवासी 17 वर्षीय किशोर ने सोमवार को देर रात को फांसी लगाकर जान दे दी। बिरधा चौकी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता का कहना है कि फसल खराब होने से बेटा परेशान था।
कस्बा बिरधा निवासी पंकज उर्फ आशीष पुत्र रामस्वरूप अहिरवार सोमवार की शाम को करीब सात बजे खेत से घर लौटा और किसी से अधिक बातचीत नहीं कर रहा था। परिजनों ने उससे पूछा भी कोई बात है तो उसने कुछ नहीं कहा। उसके घर लौटने पर पिता खेत चले गए थे। रात को करीब ढाई-तीन बजे जब बाकी सभी सो रहे थे तो उसने तौलिया से कमरे की म्यारी पर फांसी पर लटक गया। रात करीब तीन बजे जब परिजनों की नींद खुली और कमरे में जाकर देखा तो वह फांसी पर लटक रहा था। इस पर उसके पिता को घटना की जानकारी दी, जिस पर पिता तत्काल खेत से रात में ही घर पहुंचे, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पिता ने बिरधा चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी। मृतक के पिता रामस्वरूप ने बताया कि उसके पास लगभग तीन एकड़ जमीन है और इस बार उसने मसूर और चना बोया था, लेकिन कीड़ों के खाने की वजह से फसल खराब हो गई। इसी लेकर उसका पुत्र मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और अब उसने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक दो भाइयों व तीन बहनों में सबसे छोटा था और वह मात्र छठवीं तक ही पढ़ा था। उन्होंने बताया कि उसका पुत्र खेती भी संभालता था और मजदूरी भी करता था।