ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम जमुनियां में एक दसवीं कक्षा की छात्रा ने अज्ञात कारणों से घर में फांसी लगाकर जान दे दी। जाखलौन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जाखलौन क्षेत्र के ग्राम जमुनियां निवासी संध्या (14) पुत्री श्रीपत अहिरवार जाखलौन में एक इंटर कॉलेज में दसवीं की छात्रा थी। रविवार की दोपहर में वह घर में ही थी, जबकि उसकी मां व अन्य परिजन गांव में ही चना की फसल की कटाई के लिए गए थे। जबकि उसके पिता होमगार्ड हैं, जो ड्यूटी पर कोतवाली गए थे। घर में उसके भाई के दो छोटे बच्चे ही थे। इसी दौरान किशोरी अपने कमरे में गई और दुपट्टे से बल्ली के सहारे फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। कुछ देर बाद कमरे के बाहर खेल रहे बच्चों ने देखा तो बाहर मोहल्ले के लोगों को बताया, जिस पर मोहल्लेवालों ने यह देख परिजनों को बुलाया, जिस पर मृतका के पिता ने जाखलौन पुलिस को घटना की सूचना दी। पिता श्रीपत ने बताया कि उसकी पुत्री दसवीं की छात्रा थी और उसने फांसी किन कारणों से लगाई, इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है और घटना के समय घर में भी कोई बड़ा मौजूद नहीं था। मृतका के तीन भाई हैं।