ललितपुर। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला ने कहा कि हाल ही में कानून का रूप ले चुके कृषि कानून को लेकर विपक्ष किसानों को गुमराह कर रहा है। नए कानून से किसानों को आय में बढ़ोत्तरी होगी। वहीं, यूपी में फिल्म सिटी बनने से क्षेत्र का विकास तेजी से हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि यूपी में फिल्म सिटी बनने से बुंदेलखंड के कलाकारों को हुनर दिखाने का अवसर व रोजगार मिलेगा। बुंदेलखंड के लोग पलायन करते थे, अब उन्हें पलायन नहीं करना पड़ेगा। विपक्षी दल कृषि कानून को लेकर किसानों को भ्रमित करने में लगे हैं। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कानून किसानों की आय दुगनी करने में मददगार साबित होंगे। इससे बुंदेलखंड का किसान आत्मनिर्भर भी बनेगा। किसान कांट्रेक्ट फार्मिग या अनुबंध खेती के लिए प्राइवेट प्लेयर्स या एजेंसियों के साथ भी साझेदारी कर सकते हैं। कांट्रेक्ट फार्मिग निजी एजेंसियों को उत्पाद खरीदने की अनुमति देगी। इस दौरान कांन्ट्रेक्ट केवल उत्पाद के लिए होगा। निजी एजेंसियों को किसानों की भूमि के साथ कुछ भी करने की अनुमति नहीं होगी और न ही कांट्रेक्ट फार्मिग अध्यादेश के तहत किसान की जमीन पर किसी भी प्रकार का निर्माण होगा। नया बिल बाजार की अनिश्चितता के जोखिम को समाप्त कर देगा। इस मौके पर बुंदेलखंड विकास बोर्ड के सदस्य प्रदीप चौबे, नगराध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महेश श्रीवास्तव भैया भी मौजूद रहे।