निजता का हनन बर्दाश्त नहीं करेंगे शिक्षक
ललितपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने ‘प्रेरणा’ एप के विरोध में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि निजता हमारा मूल अधिकार है, इसका हनन हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। जिलाध्यक्ष विनोद निरंजन व जिलामंत्री शकुंतला कुशवाहा के नेतृत्व में शिक्षकों ने विधायक को मांग पत्र सौंपकर एप को वापस लेने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार शिक्षकों के निजता पर प्रहार कर रही है, जिसे किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जा सकता। विनोद निरंजन ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि एप के विरुद्ध आंदोलन और तेज होगा, हम रुकने वाले नहीं हैं। शिक्षकों के विरुद्ध की जा रही साजिशों को शिक्षक समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। ज्ञापन देने वालों में संरक्षक काशीनाथ नायक, अनिल त्रिपाठी, अरुण निरंजन, इंदर सिंह पटेल, विनय ताम्रकर, परशुराम निरंजन, दीप्ति रानी गुप्ता, नीलम ताम्रकर, विमलेश सोनी, हेमा कक्कड़, राजेंद्र बवेले, गौरीशंकर सेन, देवी सिंह राजपूत, राजेश पटेल, संदीप नामदेव, अरविंद राजपूत, सुलभ जैन, परिवेश मालवीय, जितेंद्र जैन, राम मोहन, राम भरत निरंजन, अनिल सैनी, अनिल राठौर उपस्थित रहे। उधर, विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि हमारी सरकार शिक्षकों की हितैषी है। किसी भी प्रकार से तकनीक का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने इस मामले को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाने की बात कही।