ललितपुर। पंचायत चुनाव से तीन दिन पहले बिना अनुमति के चुनावी रैली निकालने से मना करने पर पुलिस पार्टी पर हमला करने वाले एक इनामी सहित चार वांछित अपराधियों को थाना बार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान थाना बार की पुलिस चौकी पारौन अंतर्गत ग्राम बरौदाडांग में प्रधान पद के प्रत्याशी द्वारा कोरोना महामारी के दौरान शासन द्वारा जारी गाइड लाइन का उल्लंघन करते हुए बिना अनुमति के बीते 16 अप्रैल को चुनावी रैली निकाली जा रही थी। प्रभारी चौकी पारौन अभिषेक कुमार सिंह व उनके हमराह भरत पाल द्वारा उक्त रैली को रोककर अनुमति पत्र दिखाने को कहा गया तो रैली में शामिल भीड़ द्वारा चौकी इंचार्ज व कांस्टेबल पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया था और सरकारी कार्य में बाधा डाली गई थी। इस संबंध में थाना बार में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी तालबेहट के पर्यवेक्षण में एक टीम का गठन करके, मुख्य आरोपी मुन्नालाल पुत्र दलपा पर दस हजार का इनाम भी घोषित किया गया। इसी के तहत बीते रोज 25 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के घर पर दबिश दी गई तो चार आरोपी घर पर मौजूद मिले, उन्हें पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में ग्राम बरौदाडांग निवासी मुन्नालाल पुत्र दलपा, उदयभान पुत्र दलपा, राघवेंद्र एवं राकेश शामिल हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गोविंद सक्सेना, भगत सिंह के अलावा कांस्टेबिल प्रदीप कुमार, अभय प्रताप सिंह, राकेश कुमार, छत्रपाल आदि शामिल रहे।