देवर के प्यार में अंधी थी पूजा: पति ने किया विरोध तो रात उठाया खौफनाक कदम, दो बच्चों संग कुएं में कूदकर दी जान
जांच में सामने आया है कि पूजा का परिवार में रिश्ते में लगने वाले देवर से प्रेम प्रसंग था। इसको लेकर विवाद और कहासुनी होने के बाद महिला ने बच्चों के साथ आत्महत्या की।
विस्तार
यूपी के ललितपुर स्थित बानपुर थाना क्षेत्र के टीकरा तिवारी गांव में मंगलवार तड़के एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। तीनों की पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के प्रेम प्रसंग को लेकर पति से विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
रात पति से हुआ था महिला का विवाद
जानकारी के अनुसार, टीकरा तिवारी निवासी बालकिशन कुशवाहा की 32 वर्षीय पत्नी पूजा का सोमवार रात किसी बात को लेकर पति से विवाद हुआ था। परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। पूजा अपने पति और दो बच्चों सात वर्षीय लक्ष्य व पांच वर्षीय पूर्वी के साथ कमरे में सो रही थी, जबकि उसका बड़ा बेटा दादा के साथ था।
खेत में मिलीं महिला और बच्चों की चप्पलें
रात करीब दो बजे बालकिशन की नींद खुली तो पूजा और दोनों बच्चे कमरे में नहीं मिले। उसने घर और आसपास तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों को जगाकर जानकारी दी। पूरा परिवार उनकी तलाश में जुट गया। मकान के पीछे खेतों की ओर बने कुएं के पास पूजा और बच्चों की चप्पलें मिलीं। परिजनों ने टॉर्च की रोशनी में कुएं के अंदर देखा तो पानी में हलचल दिखाई दी और एक कपड़ा तैरता नजर आया। इस पर डायल 112 और बानपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
कुएं में कांटा डालकर हुई तलाशी
सुबह करीब चार बजे पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग की टीम को बुलाया। कर्मचारियों ने कुएं में लोहे का कांटा डालकर तलाश की। इस दौरान पूजा और लक्ष्य के कपड़े कांटे में फंस गए। दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद कुएं का पानी खाली कराया गया, जिससे पांच वर्षीय पूर्वी का शव भी बरामद हो गया।
प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात आई सामने
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूजा का परिवार में रिश्ते में लगने वाले देवर से प्रेम प्रसंग था। इसको लेकर विवाद और कहासुनी होने के बाद महिला ने बच्चों के साथ आत्महत्या की। हालांकि, पुलिस अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। साक्ष्य संकलित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.