ललितपुर: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्री की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
झांसी के थाना बड़ागांव अंतर्गत ग्राम बराठा निवासी गजेंद्र राजपूत (22) पुत्र रामसनेही बुधवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी पत्नी रूपवती (22) और बेटी नबी (2) को लेकर मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल थाना बालाबेहट अंतर्गत ग्राम रसोई जा रहा था। तभी एक ट्रक ने पीछे से उसे टक्कर मार दी।
विस्तार
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खड़ेरा के पास बुधवार की शाम को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार पिता व उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
झांसी के थाना बड़ागांव अंतर्गत ग्राम बराठा निवासी गजेंद्र राजपूत (22) पुत्र रामसनेही बुधवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी पत्नी रूपवती (22) और बेटी नबी (2) को लेकर मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल जनपद के थाना बालाबेहट अंतर्गत ग्राम रसोई जा रहा था। शाम को करीब छह बजे जब वह ग्राम खड़ेरा के पास पहुंचा तो वहां हाईवे पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे गजेंद्र और उसकी बेटी की मौके पर ही तड़पते हुए मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।
यह देख पीछे से आ रहे एक ट्रक चालक ने आगे जाकर वाहन रोक दिया और मृतक गजेंद्र का मोबाइल निकालकर उसके मोबाइल से नंबर डायल कर परिजनों को घटना की सूचना दी। वहीं जानकारी मिलने पर बिरधा चौकी इंचार्ज संदीप सिंह सेंगर भी मौके पर पहुंच गए और घायल पड़ी रूपवती को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की
कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के ससुर ग्राम रसोई निवासी भगवान सिंह ने बताया कि उसके दामाद व बेटी ने घर से निकलते समय उसे फोन पर सूचना दी कि वह आ रहे हैं और जब वह ललितपुर पहुंच गए, तब भी उन्होंने फोन पर ललितपुर पहुंचने की बात बताई थी, लेकिन शाम को एक ट्रक चालक ने घटना की यह दुखद सूचना दी है।