ललितपुर। थाना पाली अंतर्गत ग्राम एरावनी में आबकारी प्रवर्तन झांसी-ललितपुर के अधिकारियों और पुलिस टीम द्वारा शुक्रवार को अवैध शराब के गढ़ कबूतरा डेरा में छापामार कर दबिश दी गई, जिसमें हजारों लीटर लहन नष्ट करने के साथ ही अवैध शराब बनाते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अपर मुख्य सचिव के आदेश पर क्षेत्राधिकारी पाली के नेतृत्व में कस्बा पाली के ग्राम एरावनी स्थित अवैध शराब के गढ़ कबूतरा डेरा पर आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन झांसी राम आधार पाल, नकुल भाई विमल और आबकारी निरीक्षक क्षेत्र प्रथम मनीष कुमार व थानाध्यक्ष पाली कृष्णवीर सिंह की टीम द्वारा संयुक्त द्वारा छापामार कार्रवाई की गई। टीम के पहुंचते ही कबूतरा डेरा में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त कबूतरा समुदाय के लोगों में हड़कंप मच गया और सभी उक्त स्थान से भागने लगे। यह देख टीम द्वारा दो महिलाओं को मौके से पकड़ लिया और वहां बनाई जा रही अवैध शराब की भट्टियों को नष्ट किया गया। जबकि वहां रखे कई ड्रमों में रखी हुई लगभग तीन हजार लीटर लहन को जमीन पर उड़ेलकर नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही 95 लीटर अवैध शराब को बरामद किया गया। इस मामले में पकड़ी गई महिलाओं में ग्राम एरावनी कबूतरा डेरा निवासिनी कुशलता पत्नी मानसिंह कबूतरा और रोशनी पत्नी मंगल कबूतरा को आबकारी व पुलिस टीम ने पकड़कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन प्रथम झांसी के अलावा टीम में सुरेश यादव, आशिक अली, महिला साहरीन बानो, देवेंद्र सिंह, कमलेश कुमार, समिरन देवी जबकि थाना पाली टीम में महिला मनशी शर्मा, रीना जादौन, सिमरन शामिल रहीं।

ग्राम एरावनी में अवैध शराब बनाने के लिए ड्रमों में भरा लहन नष्ट करती आबकारी व पुलिस टीम।- फोटो : LALITPUR