ललितपुर। ब्लॉक जखौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ललितपुर ग्रामीण की प्रधान देवकाबाई ने आरोेप लगाया है कि कुठ लोग सरकारी हैंडपंप में मोटर डालकर खेतों की सिंचाई कर रहे हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
शिकायती पत्र में बताया गया है कि ग्राम सिवनी खुर्द में सरकारी हैंडपंप लगाया गया है, जिससे अधिकांश ग्रामवासी पानी भरते हैं। लेकिन, बीते दिनों से गांव के ही निवासी एक व्यक्ति ने हैंडपंप का सामान हटाकर खेतों की सिंचाई करने वाली मोटर डाल दी है और सिंचाई कार्य कर रहे हैं। इससे लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उलाहना देेने पर लड़ाई-झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पुलिस से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़िता ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने व हैंडपंप से मोटर हटवाए जाने की मांग की है।