ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शहर के मोहल्ला भीमनगर निवासी एक युुवक ने न्याय पाने के लिए शनिवार की रात को बीमार मां को ठेले पर लिटाकर परिवार सहित धरना दिया और एक वार्ड पार्षद पर नगर पालिका में संविदा पर सफाई कर्मचारी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी के आरोप लगाए हैं।
मोहल्ला भीमनगर नदीपुरा निवासी विक्रम अहिरवार पुत्र जगदीश प्रसाद ने एक वार्ड पार्षद एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पर वर्ष 2015 में नगर पालिका में निकली संविदा में सफाई कर्मचारी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी के आरोप लगाए हैं। उसने पुलिस अधीक्षक को संबोधित एक शिकायत पत्र में बताया कि फरवरी 2015 में नगर निकायों में सफाई कर्मचारियों की भर्ती निकली थी, जिसमें नगर पालिका परिषद में संविदा सफाई कर्मचारी के कुल 45 पद थे और अनुसूचित जाति के नौ, पिछड़ा वर्ग के 12 और अनुसूचित जनजाति के शून्य पद और अनारक्षित के 24 पद थे। उसने संविदा सफाई कर्मचारी के पद पर योग्यता के आधार पर आवेदन किया था। उस समय उसके मोहल्ला के एक वार्ड पार्षद के पति ने उसके पिता से घर आकर संपर्क किया और कहा कि लड़के की नौकरी ऐसे नहीं लग पाएगी, इसके लिए उसे साढ़े तीन लाख रुपये देने होंगे। जिस पर उसके पिता ने उसके कहे अनुसार साढ़े तीन लाख रुपये दिए। इसके बाद उसकी नौकरी सफाई कर्मचारी के पद पर नहीं लगी, तो उसने अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन रुपये नहीं दिए। आरोप है कि 14 जून 2018 को उसे मोबाइल पर धमकाते हुए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के घर भी बुलाया गया, जिस पर वह उनके बताए पते पर पहुंच गया तो उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित कर धमकाया गया और रुपये हड़पने की बात कही। अब उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़ित ने अब सब ओर से निराश होकर बीते शनिवार को रात में एक ठेला पर लेटकर धरना देते हुए आरोपी वार्ड पार्षद एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष से उसके साढ़े तीन लाख रुपये दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।