कारीटोरन। ब्लॉक बार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कारीटोरन स्थित कुमरयाना मोहल्ला में बीती रात करीब तीन बजे लखन प्रजापति व ज्वाली रैकवार के टपरे में आग लग गई है। इससे करीब बीस से पच्चीस हजार रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। बीती रात करीब तीन बजे के ज्वाली रैकवार के टपरे में धुुंआ उठता दिखा। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग की लपटे ऊपर उठने लगी। यह आग फैलकर लखन प्रजापति के टपरे में पहुंच गई, इसे देख मोहल्ले के लोग इकट्ठे हो गए और उन्होंने घर से बाल्टी, मटका आदि लाकर आग पर पानी डालना शुरू कर दिया। इससे किसी तरह आग पर काबू पाया। ज्वाली के टपरे में आग लगी थी, उसमें दो गाय, एक बछड़ा बंधा हुआ था, जिन्हें लोगों की मदद से बचा लिया गया लेकिन टपरे में रखे भूसा व चारा को नहीं बचाया जा सका। भूसा व चारा आग में जलकर राख हो गए। लखन प्रजापति व ज्वाली रैकवार के टपरे एक दूसरे से सटे हैं, जिससे दोनों के टपरों को नुकसान पहुंचा है। रात में बहुत सर्दी होने की वजह से लोगों की गहरी नींद लग गई और किसी को आग लगने का पता नहीं चला। आग किस कारण से लगी, इस बात का खुलासा नहीं हो सका है।