ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव निवासी महिला के साथ छेड़खानी कर उसे धमकाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन आरोपियों (मुख्य आरोपी और उसके माता-पिता) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एक गांव निवासी महिला ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को एक शिकायत पत्र देते हुए बताया कि कस्बा बिरधा निवासी अनूप पुत्र लटोरे साहू लखनऊ से किसी सचिव की गाड़ी चलाता है और बिरधा अपने घर आता-जाता है। आरोप है कि एक वर्ष से अनूप उसे छेड़ रहा है। वह उसे भाभी कहकर छेड़खानी करते हुए गलत काम करने के लिए धमकाता है। उसने अपनी सास से भी इसके बारे में बताया और उलाहना भी दिया, जिस पर पूरा परिवार उस पर कार्रवाई न करने के लिए दबाव डालता रहा। बीते 19 सितंबर 2020 को उसके पति गाड़ी लेकर इलाहाबाद गए थे और वह अपने घर पर अकेली थी, तभी शाम को अनूप उसके घर के अंदर आ गया और उसके साथ छेड़खानी करते हुए जबरदस्ती करने लगा, वह चिल्लाई तो उसकी सास और बेटी आ गई, तो अनूप ने उसका मुुंह दबाकर गालियां देते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। जब सास ने उसे पकड़ना चाहा तो धक्का मारकर भाग गया। जब उसके घर और मोहल्ले में उलाहना दिया और बिरधा पुलिस चौकी जाने को निकली तो अनूप, उसकी मां सरजू और पिता लटोरे ने उसे रोककर समाज की बात कहकर थाने नहीं जाने दिया और उसे गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वह थाने पहुंची, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिस पर उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों अनूप, लटोरे और सरजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।