सैदपुर। ग्राम सैदपुर के रमेशरा रोड पर तिराहे के पास स्थित मोहल्ले में नाली की सफाई नहीं होने से बरसात के समय में नालियों का पानी सड़क पर बहने लगता है। बरसात तेज हो जाए तो घरों में पानी भरने लगता है, जिससे मोहल्ले वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को पानी बरसने पर लोगों को स्वयं नालियों की सफाई करनी पड़ी।
बस स्टैंड से रमेशरा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाले मार्ग स्थित मोहल्ले में बनी नालियों की काफी दिनों से सफाई नहीं होने के कारण नालियां पूरी तरह से चोक हो गई हैं। इससे नालियों में बहने वाला पानी सड़क पर बह रहा है। बरसात के समय जलभराव होने से समस्या और गंभीर हो जाती है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात का पानी घरों में भर जाता है। यदि रात में बरसात होती है तो मोहल्लेवासी ऊपर की मंजिल पर सोते हैं। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहने के लिए सैदपुर गांव में दो-दो सफाई कर्मचारियों की तैनाती है, लेकिन एक सफाई कर्मचारी गांव में आता ही नहीं है। इससे गांव की सफाई व्यवस्था चौपट है। रमेशरा तिराहे के पास स्थित मकानों के पास तीन तरफ से पानी बहकर आता है, अगर ज्यादा बारिश हो जाती है तो पानी घरों में भरने लगता है। बृहस्पतिवार को बरसात होने के कारण कुछ लोगों ने स्वयं आगे आकर अपने घरों के आगे से निकली नाली की सफाई की।