ललितपुर। रसोई गैस एवं कॉमर्शियल गैस के बढ़े दाम, आपूर्ति बाधित और कालाबाजारी के विरोध में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया।
कंपनी बाग में कालाबाजारी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नगर अध्यक्ष रामनरेश दुबे ने कहा कि हाल ही में घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में लगभग 60 रुपये और कॉमर्शियल गैस सिलिंडर पर करीब 100 से अधिक रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम जनता, छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गैस की कीमतों को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। साथ ही कई क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित है, जिससे लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी लगातार बढ़ रही है। हाल ही में विभिन्न राज्यों में अवैध भंडारण और कालाबाजारी के मामले सामने आए हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। इस मौके पर मनरेगा प्रभारी जसपाल सिंह, महासचिव शशिकांत दीक्षित, जिला उपाध्यक्ष राम सिंह यादव, गजेंद्र सिंह बुंदेला, राजा राजपाल सिंह, रफीक अली, अमन साहू, महेश रजक, सीताराम राय, रामकुमार अहिरवार आदि उपस्थित रहे।