जल संस्थान का ट्रांसफार्मर फुंका, बाधित रहेगी जलापूर्ति
ललितपुर। जल संस्थान के शोधित प्लांट का ट्रांसफार्मर फुंक गया है। इसकी वजह से लोअर जोन की जलापूर्ति बाधित हो गई है। बिजली के अभाव में कसाई मंडी स्थित टंकी नहीं भरी जा सकी है। बृहस्पतिवार को भी लोअर जोन के कई हिस्सों में पानी नहीं पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। जल संस्थान कई महीनों से शहर की जलापूर्ति को सुचारु बनाने में लगा है। पहले कर्मचारियों की हड़ताल और आए दिन पंप में खराबी आने से जलापूर्ति चरमराई रही। जब कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हुई तो अब बिजली ने परेशान करना आरंभ कर दिया है। बुधवार को सुबह करीब चार बजे अचानक ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे टंकी भरने का काम अवरुद्ध हो गया। इसकी सूचना बिजली विभाग के अफसरों को दी गई। उन्होंने नया ट्रांसफार्मर रखने की तैयार की है। जल संस्थान के अफसरों का कहना है कि यदि देर शाम तक बिजली की आपूर्ति बहाल होती है तो कसाई मंडी स्थित टंकी नहीं भर पाएगी। इसका असर अगले दिन की जलापूर्ति पर पड़ेगा। उधर, अवर अभियंता रामभुवन का कहना है कि बृहस्पतिवार को मुहल्ला चौबयाना, महावीरपुरा, मऊठाना, सुभाषपुरा, घुसयाना, बड़ापुरा, खिरकापुरा में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। किसी क्षेत्र में 10 से 15 मिनट तो कहीं पानी नहीं पहुंचने की समस्या हो सकती है।