ललितपुर। बुधवार को जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक व व स्त्री रोग विशेषज्ञ समेत 15 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। प्रसूताओं को नाश्ता निर्धारित मात्रा में नहीं पाए जाने पर आपूर्ति कर्ता एजेंसी पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. हरेंद्र सिंह मौजूद नहीं मिले। वह निरीक्षण के 20 मिनट बाद आए। स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. गीतांजलि अनुपस्थित मिलीं। 30 मिनट के बाद आईं। जानकारी पटल पर तैनात कर्मचारी ममता अनुपस्थित मिलीं। इमरजेंसी कक्ष व सर्जिकल वार्ड में पहुंचकर जिलाधिकारी ने मरीजों से अस्पताल की सुविधाओं की जानकारी ली। इसके पश्चात किचेन में पहुंचे, जहां पर सुबह के नाश्ते के लिए अनुमन्य चीजें निर्धारित मात्रा में नहीं दिए जाने पर संबंधित आपूर्तिकर्ता एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मैटरनिटी वार्ड में 34 मरीज भर्ती थे। मैटरनिटी व प्रसव कक्ष, एएनसी में देर से सफाई होने पर नाराजगी व्यक्त की और समय से सफाई करने के निर्देश दिए। एसएनसीयू कक्ष में डा. सुनील बरया व अन्य स्टाफ मौके पर पाया। उन्होंने बच्चों के भर्ती करते ही शिशुओं का विवरण बेबी इन्फार्मेशन चार्ट में दर्ज करने के निर्देश दिए। आपरेशन थिएटर में साफ-सफाई सही नहीं पाई गई और प्रयोग किए जाने वाले चप्पल भी गंदे मिले। चिकित्सालय में कुल 15 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।