Lakhimpur News : चोरी के शक में युवक को उल्टा टांगा, लगाई पिटाई, पुलिस ने तीन लोगों को भेजा जेल
Lakhimpur News : मोहम्मदी लखीमपुर रोड पर गोमती के मोड़ के पास एक ढाबे पर मानसिक मंदित व्यक्ति रात में खाना खाने गया था। इंस्पेक्टर अंबर सिंह ने बताया कि पता चला कि तीन दिन पहले कोई ट्रक वाला उसे गोमती मोड़ पर छोड़कर चला गया था।
विस्तार
कोतवाली क्षेत्र में ढाबे पर खाना खाने पहुंचे एक युवक को लोगों ने चोर समझकर रस्सी से बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। मामले से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने संज्ञान लेकर तीन अभियुक्तों को हिरासत में लिया है।
मोहम्मदी लखीमपुर रोड पर गोमती के मोड़ के पास एक ढाबे पर मानसिक मंदित व्यक्ति रात में खाना खाने गया था। इंस्पेक्टर अंबर सिंह ने बताया कि पता चला कि तीन दिन पहले कोई ट्रक वाला उसे गोमती मोड़ पर छोड़कर चला गया था। वह व्यक्ति इधर-उधर पैसे मांगकर खाता-पीता था। सोमवार की रात ढाबे पर खाने खाने के लिए गया तो ढाबा संचालक ने उससे पूछताछ की।
मानसिक मंदित होने के कारण बोलने में असमर्थ था तो ढाबा संचालक ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया और बाहर पेड़ से लटका दिया। इसका वीडियो वायरल होने पर मामला संज्ञान में आया तो पुलिस ने सहदेव सिंह, अमर सिंह, दलजीत सिंह निवासी रघुनाथपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
बच्चा चोर की सूचना पर मानसिक बीमार को पकड़कर की पिटाई
बंजरिया गांव में बच्चा चोर की सूचना पर ग्रामीणों ने नरहा पुल के पास एक व्यक्ति को पकड़ लिया और पिटाई करके पुलिस को सौंप दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को मुक्त कराया।
दो दिन पहले बेलराया कस्बा स्थित राजेश यादव की बेटी को बच्चा चोर गिरोह ने पकड़ने का प्रयास किया था। सोमवार रात करीब 9:00 बजे बंजरिया गांव के लोग उस समय दहशत में आ गए जब गुरुद्वारे से लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को सतर्क करने की सूचना दी गई। यह भी बताया गया कि कुछ लोग संदिग्ध देखे गए हैं। सूचना पर आसपास के काफी लोग इकट्ठा हो गए।
इस बीच बेलरायां तिकुनिया रोड पर स्थित नरहा पुल के पास एक व्यक्ति को संदिग्ध रूप में रोड पर जाते हुए देखकर ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और पीटने लगे। इस बीच कुछ लोग बचाव में आ गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे थाना सिंगाही प्रभारी राज कुमार सरोज ने भीड़ के चुंगल से ग्रामीण को छुड़ाया और थाने लाकर उससे पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा कब्जे में लिया गया व्यक्ति नशे में था। पागलों जैसी हरकत कर रहा था और तलाशी लेने के बाद कुछ बरामद भी नहीं हुआ। इसके जिसके चलते पूछताछ के बाद व्यक्ति को छोड़ दिया गया है।
कुछ ऐसी भी हुईं चोरों के शक में घटनाएं
-
केस-1.
-
बीते दिनों नीमगांव थाना क्षेत्र के सुतेहरा गांव में साबिर अपने खेत में मक्के की बाली काटकर भर रहा था। इस दौरान उसे कुछ संदिग्ध लोगों ने पकड़कर जमकर पीट दिया और जब शोर मचाना चाहा तो उसके मुंह में मिट्टी डाल दी।
-
केस-2
-
तीन दिन पहले नीमगांव थाना क्षेत्र के बेहजम गांव में सीतापुर जनपद से तीन लोग दवा लेने आए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने संदिग्ध मानकर पकड़ लिया और फिर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस की जांच में यह लोग निर्दोष निकले थे।
-
केस-3
हैदराबाद क्षेत्र के गांव कुंवरपुर के प्रधान राजेश के दामाद गोला के बैकुंठा निवासी को करीब एक पखवाड़ा लोगों ने चोर समझकर पीट दिया था। फिर 112 नंबर पर फोन करके पुलिस के सुपुर्द कर दिया था, जबकि वह मैलानी के गांव भीखमपुर जा रहा था।

पेड़ से उलटा लटकाया गया मानसिक मंदित।