लखीमपुर: चोरों ने युवक को मारी गोली, पुलिस को मौके पर मिले साक्ष्य कुछ और कहानी कर रहे बयां, गांव में ये चर्चाएं
ओयल चौकी के गांव गजनीपुर में शिवकुमार शुक्ला ने चोरी कर भाग रहे चोरों को देख शोर मचाया दिया। घरवालों के मुताबिक इस बीच चोरों ने उन पर फायरिंग कर दी। सूचना पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी की ओयल चौकी क्षेत्र के गांव गजनीपुर में शुक्रवार तड़के कुछ असलहाधारी बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। चोरी कर भाग रहे चोरों ने शोर मचाने पर एक ग्रामीण को गोली मार दी, जिसे गंभीर हालत में पहले जिला अस्पताल और बाद में लखनऊ रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
चौकी क्षेत्र के गांव गजनीपुर निवासी पीड़ित के छोटे भाई अनिल कुमार ने बताया कि परिवार के कुछ लोग कमरे व कुछ घर की छत पर सो रहे थे। बड़े भाई शिवकुमार शुक्ला (40) ने सुबह करीब तीन बजे के आसपास चोर को देख शोर मचाया। इसी बीच फायरिंग की आवाज सुनाई दी, इससे घर में सो रहे अन्य लोगों की भी नींद खुल गई। बताया कि इस बीच देखा कि बड़े भाई शिवकुमार खून से लतपथ पड़े थे। उन्हें सिर में दाहिनी तरफ गोली लगी थी, जबकि करीब चार पांच बदमाश घर का सामान लेकर खेतों की ओर भाग रहे थे।
घटना की सूचना पुलिस और 108 ऐंबुलेंस को दी गई। घायल भाई को ऐंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां उनकी हालात गंभीर बनी हुई है। घायल के छोटे भाई की पत्नी ने बातया कि चोरों ने घर में रखे करीब 35 हजार रुपये, सोने-चांदी के गहने उठा ले गए। उधर गांव में मामला संदिग्ध होने चर्चाएं हैं।
घटना की सूचना पर मौके पर एसपी खीरी संजीव सुमन, एडीशनल एसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी संदीप सिंह, कोतवाली प्रभारी चंद्रशेखर सिंह समेत क्राइम ब्रांच व फॉरेंसिक टीमें भी पहुंचीं। टीम ने घटनास्थल की गहनता से छानबीन की। पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है और परिवार ने किसी प्रकार की रंजिश होने से इनकार किया है। मामले की जांच की जा रही है।
एसपी बोले घटना की मिली जानकारी व मौके पर मिले साक्ष्यों में अंतर
एसपी संजीव सुमन का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल की। जो घटना बताई गई थी और जो मौके पर साक्ष्य मिले हैं, उनमें काफी अंतर है। यह बात भी पता चली है कि परिवार में कुछ दिन पहले जमीन बेची गई थी, उसका भी कुछ मसला है। लेकिन, प्राथमिक दृष्टि से वादी द्वारा जो बताया जा रहा है। उसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित का लखनऊ में इलाज किया जा रहा है।