Lakhimpur Kheri: मेला मैदान से नहीं हटेंगी दुकानें, एसडीएम ने स्पष्ट की स्थिति, दुकानदारों ने ली राहत की सांस
गोला गोकर्णनाथ में मेला मैदान के दुकानदारों ने मंगलवार को नगर पालिका परिषद की दुकानों के सामने अनिश्चितकालीन धरने का बैनर लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। एसडीएम ने स्थिति स्पष्ट की। इसके बाद दुकानदारों ने राहत की सांस ली।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में शिव मंदिर कॉरिडोर में मेला मैदान को लेकर दुकानदारों में असमंजस की स्थिति को एसडीएम ने दूर किया। इससे मेला मैदान के दुकानदारों ने राहत की सांस ली है। मंगलवार को प्रदर्शन के अगुआकारों और एसडीएम के बीच तीखी बहस हुई।
शिव मंदिर कॉरिडोर के निर्माण को लेकर अलीगंज मार्ग स्थित नगर पालिका परिषद की सात दुकानों पर लाल निशान लगाया गया है। दुकानदारों ने दुकान खाली करने के लिए नगर पालिका और प्रशासन से सात दिन की मोहलत मांगी थी।
इधर, मेला मैदान के दुकानों को हटाकर कांपलेक्स बनाने की भ्रामक बात ने तूल पकड़ लिया। दुकान के बदले दुकान और मकान के बदले मकान की मांग उठने लगी। शनिवार से भाजपा नेता डॉ. प्रीति वर्मा, विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे सिद्धार्थ शुक्ला की अगुवाई में नगर पालिका परिषद की दुकानों और मेला मैदान के दुकानदारों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
एसडीएम से हुई बहस
मंगलवार को मेला मैदान के दुकानदारों ने दुकानें बंदकर नगर पालिका परिषद की दुकानों के सामने अनिश्चितकालीन धरने का बैनर लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोपहर बाद करीब 3:00 एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता, सीओ गवेंद्र गौतम, प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह, पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एसडीएम की प्रदर्शन के अगुआकार डॉ. प्रीति वर्मा, सिद्धार्थ शुक्ला और प्रभात वाजपेई से तीखी बहस हुई।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मेला मैदान निजी प्रॉपर्टी है जो कॉरिडोर में नहीं है। मेला मैदान की कोई भी दुकान हटनें नहीं जा रही। केवल नगर पालिका परिषद के साथ और जिला पंचायत की 13 दुकानों को ही हटाया जाएगा। एसडीएम ने वार्ता के लिए नगर पालिका परिषद के दुकानदारों को बुधवार को बुलाया है।