महंगापुर/पलिया। 39वीं वाहिनी एसएसबी गदनियां की सुमेरनगर चौकी पर सफाईकर्मी के पद पर तैनात एक कर्मचारी की अचानक बिगड़ी तबीयत के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक बदायूं का रहने वाला था। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
मूल रूप से जिला बदायूं की तहसील नवादा मधुकर दातागंज के छनगासी गांव निवासी शबुध पाल वाल्मीकि के 55 वर्षीय पुत्र सुरेश पाल वाल्मीकि 39वीं वाहिनी एसएसबी गदनियां में सफाई कर्मचारी थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सुमेरनगर चौकी पर थी। एसएसबी की तरफ से बताया गया कि मंगलवार की सुबह सात बजे उन्हें अचानक खून की उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद उन्हें गदनियां मुख्यालय लाकर यूनिट अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि वह अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र व एक पुत्री को छोड़कर गए हैं। एसएसबी में उनकी 22 सितंबर 1989 को नियुक्ति हुई थी। संवाद