Lakhimpur Kheri: पानी पीने के बहाने कोर्ट लॉकअप की दीवार फांद भाग गया बंदी, मैच देखते रहे पुलिसकर्मी
लखीमपुर खीरी में बृहस्पतिवार को पेशी पर आया बंदी पानी पीने के बहाने कोर्ट लॉकअप की दीवार फांदकर भाग गया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में धोखाधड़ी और हत्या के प्रयास के मामले में बृहस्पतिवार को पेशी पर आया बंदी करन उर्फ बबलू पानी पीने के बहाने कोर्ट लॉकअप की दीवार फांदकर भाग गया। बंदी को भागते देख पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। जिले के सभी थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया। सूत्र बताते हैं कि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी मोबाइल पर इंडिया-श्रीलंका का मैच देखने में मशगूल थे। इसी दौरान बंदी चकमा देकर भाग गया।
हरदोई के पिहानी थाना क्षेत्र निवासी करन उर्फ बबलू को गोला पुलिस ने धोखाधड़ी व अन्य मामलों में 25 मई को जिला जेल भेजा था। उस पर गोला में चार और मैलानी थाने में एक मुकदमा दर्ज था। बृहस्पतिवार को बबलू को एडीजे प्रथम न्यायालय में पेशी थी। पेशी के बाद करन को कोर्ट लॉकअप में बंद किया गया। बताया जा रहा है कि करीब 3.45 बजे बंदी करन ने पानी पीने की बात कही।
ये भी पढ़ें- UP: सपा को बड़ा झटका, राष्ट्रीय महासचिव रवि वर्मा ने दिया इस्तीफा, कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल
बाहर निकालने जाने पर वह परिसर में लगे नल पर पानी पीने गया। मौका पाकर वह चहारदीवारी फांदकर भाग गया। बंदी को दीवार फांदते देख परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने शोर मचाया और उसके पीछे भागे। पुलिसकर्मी उसे पकड़ पाते, इससे पहले ही वह भाग गया। सूचना पर आरआई और अन्य पुलिसकर्मी न्यायालय पहुंचे। बंदी की गिरफ्तारी को जिले के सभी थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया।
करन पर दर्ज हैं कई मुकदमे
करन उर्फ बबलू के खिलाफ लूट और राहजनी के कई मुकदमे दर्ज हैं। चोरी की मोटरसाइकिलों के नंबर में फेर बदलकर धोखाधड़ी का मामला भी बंदी कारण और बबलू पर दर्ज था। गोला थाने से चार मुकदमे और मैलानी थाने का एक मुकदमा बंदी पर दर्ज है। 25 मई 2023 को जब गोला पुलिस ने बंदी बबलू को पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा था, तो उस समय 25 हजार रुपये का इनाम भी उसपर था।
मैच देखने में मशगूल रहे सुरक्षाकर्मी
कोर्ट लॉकअप से पुलिस कर्मियों को झांसा देकर फरार हुए अपराधी ने एक बार फिर पुलिस की न्यायिक सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्र बताते हैं कि सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी बृहस्पतिवार को क्रिकेट मैच देखने में मशगूल थे। इसी दौरान बंदी ने अदालत परिसर से भाग गया।
जिला जेल की ओर से जारी हुआ था अलर्ट
पुलिस लॉकअप से चकमा देकर फरार हुए बबलू उर्फ करन की फाइल हाल ही में जिला जज की अदालत से तबादला होकर 18 अक्टूबर को एडीजे प्रथम की अदालत में भेजी गई थी। इस दौरान बंदी की पूर्व की आपराधिक स्थितियों को देखते हुए करन उर्फ बबलू को अदालत पेशी पर भेजने से पहले जिला जेल की ओर से पुलिस को अलर्ट किया गया था कि बंदी को लेकर खास सुरक्षा एहतियात रखें।
एएसपी नैपाल सिंह ने बताया कि न्यायालय के लॉकअप से एक बंदी भागा है। बंदी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। जांच की जा रही है। जिन पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आएगी, उन पर भी कार्रवाई होगी।