Lakhimpur Kheri: बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर की लूटपाट, कपड़े की दुकान में लगाई आग
थाना मितौली क्षेत्र के गांव अवधपुर में स्वामीनाथ की कपड़े की दुकान है। स्वामीनाथ की पत्नी का कहना है कि शनिवार रात उनके घर में बदमाश घुस आए। बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर चाबी लेकर दुकान खोली और लूटपाट के बाद आग लगा दी।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के थाना मितौली क्षेत्र में शनिवार रात असलहों से लैस बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की। कपड़े की दुकान से नकदी निकालने के बाद आग लगा दी। आग की चपेट में पड़ोस में स्थित जनसेवा केंद्र आ गया। सूचना मिलने के बाद थाना मितौली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना मितौली क्षेत्र के गांव अवधपुर में स्वामीनाथ की कपड़े की दुकान गांव के बीचोंबीच स्थित है। दुकान के पास ही टीनशेड डालकर वह रहते हैं। शनिवार रात करीब सवा बारह बजे असलहों से लैस चार से पांच बदमाशों ने घर में घुसकर स्वामीनाथ की पत्नी रेशमा को चाकू और तमंचा दिखाकर बंधक बना लिया।
ये भी पढ़ें- Bareilly: गला दबाकर पत्नी की हत्या, अस्पताल में स्ट्रेचर पर शव रखकर पति फरार; मृतका की मां ने लगाया आरोप
दुकान से लूटी नकदी और लगा दी आग
रेशमा ने बताया कि उसके पास से दुकान की चाबी लेकर बदमाशों ने दुकान खोलकर उसमें रखे 43 हजार पांच सौ रुपये नकदी और जेवर निकाल लिए। इसके बाद दुकान में आग लगा दी। आग लगने से स्वामीनाथ के भाई वशिष्ठ का सहज जनसेवा केंद्र भी जल गया। घटना के समय उसके पति स्वामीनाथ गांव में चल रही रामलीला देखने गए थे। आग लगने पर पड़ोसियों ने 112 पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पुलिस बल साथ पहुंचे सीओ सुबोध जायसवाल और एसओ ने लूट की घटना की जांच शुरू की। पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाश चोरी करने के बाद बदमाश आग क्यों लगाएंगे। पीड़ित स्वामीनाथ ने बताया कि दुकान में 40 से 45 लाख रुपये का सामान भरा हुआ था, जो सब जलकर राख हो गया।