गोला गोकर्णनाथ। मध्य प्रदेश के उज्जैन में लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल की प्रतिमा को ट्रैक्टर से तोड़े जाने के विरोध में कुर्मी समाज के लोगों ने काली पट्टी बांधकर विरोध मार्च निकाला।
सोमवार शाम कुर्मी क्षत्रिय समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में लोग मिल बाइपास रोड स्थित पटेल संस्थान में एकत्र हुए। जहां सभी ने मूर्ति तोड़ने की कड़े शब्दों में निंदा की। दोषियों पर रासुका लगाने, षड्यंत्र रचने के आरोपियों को बेनकाब करने की मांग की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर अध्यक्ष आनंद वर्मा की अगुवाई में बैनर लेकर विरोध मार्च निकाला।
मार्च मिल रोड, बांकेगंज रोड, खुटार रोड होते हुए विकास चौराहे से वापस पटेल संस्थान पहुंचकर समाप्त हुआ। इस मौके पर पूर्व संस्थान अध्यक्ष पारस वर्मा, ज्ञानचंद वर्मा, अशोक कनौजिया, सभासद हरिओम वर्मा, मंत्री सुरेश कनौजिया एडवोकेट, आशीष पटेल, कौशल वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद