ऑन कैमरा मौत: रील बनाने के चक्कर में पेट में लगी गोली, अस्पताल ले गए दोस्त; डॉक्टर से बोले- पटाखे से जल गया
यूपी के लखीमपुर खीरी स्थित मोहल्ला सुआगाढ़ा निवासी अंश कुमार झा (17) के गोली लगने के मामले में नया मोड़ आ गया है। रील बनाते समय फायर होने से गोली अंश के पेट में लगी थी। घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है।
विस्तार
यूपी के लखीमपुर खीरी स्थित मोहल्ला सुआगाढ़ा निवासी अंश कुमार झा (17) के गोली लगने के मामले में नया मोड़ आ गया है। रील बनाते समय फायर होने से गोली अंश के पेट में लगी थी। घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें अंश फायर करने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान गोली उसके पेट में लग जाती है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
छिपाए रखी गोली लगने की बात
सदर कोतवाली के सुआगाढ़ा निवासी अनिल कुमार झा ने पुलिस को दी तहरीर में घटना में शामिल दो नाबालिग दोस्तों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक, 30 मार्च की शाम करीब आठ बजे अंश को उसके दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद वह नहीं लौटा। परिजन उससे संपर्क में थे, लेकिन अंश ने गोली लगने की बात छिपाए रखी और दोस्तों ने भी कोई जानकारी नहीं दी।
वायरल हुआ वीडियो
31 मार्च की दोपहर अंश की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और उसे लखनऊ ले गए, जहां 2 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। परिजन दोस्तों पर सच्चाई छिपाने का आरोप लगा रहे हैं। शनिवार देर रात सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अंश के हाथ से गोली चलने और पेट में लगने की बात सामने आई है। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया घटना रील बनाने के दौरान हुई प्रतीत होती है, फिर भी मामले की जांच जारी है।
छाउछ स्थित जनशक्ति अस्पताल में अंश को उसके दोस्तों ने भर्ती कराया था। दोस्तों ने चिकित्सक को पटाखे से जलने की बात बताकर दर्द निवारक इंजेक्शन लगवाया। अस्पताल के एमडी रामवीर सिंह के अनुसार, जब चिकित्सक ने जांच कराने के लिए कहा तो दोस्त आनाकानी करने लगे, जिससे मामला संदिग्ध लगा और अंश को रेफर कर दिया गया। अस्पताल में अंश के नाम से कोई फाइल भी तैयार नहीं की गई थी।
असलहा कहां से आया, पुलिस कर रही पड़ताल
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अंश और उसके दोस्तों के पास असलहा कहां से आया। पुलिस का कहना है कि जांच में और भी नाम सामने आ सकते हैं। अवैध असलहों के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।