Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी में गोविंद इंडंस्ट्रीज के ठिकानों पर छापा, छापे के बाद नकली उर्वरक जब्त
छापेमारी के दौरान पता चला कि मालिक अपने लाइसेंस का उल्लंघन कर नकली खाद बना रहे थे। टीम ने पैकिंग और सिलाई मशीन, और बड़ी उर्वरक कंपनियों के नाम वाले खाली बैग भी जब्त किए। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि कारखाना उर्वरक नियंत्रण आदेश और आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन कर रहा है
विस्तार
लखीमपुर खीरी में सूक्ष्म पोषक तत्वों के निर्माण के लिए लाइसेंस प्राप्त एक निजी कारखाने को उसके लाइसेंस का उल्लंघन करते हुए नकली रासायनिक उर्वरक बनाते हुए पाया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी श्रृद्धा सिंह, पुलिस उपाधीक्षक संदीप सिंह और जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी की टीम ने शुक्रवार को जिले के राजापुर औद्योगिक क्षेत्र में गोविंद इंडस्ट्रीज के परिसरों में छापेमारी की थी।
अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान पता चला कि मालिक अपने लाइसेंस का उल्लंघन कर नकली खाद बना रहे थे। टीम ने पैकिंग और सिलाई मशीन, और बड़ी उर्वरक कंपनियों के नाम वाले खाली बैग भी जब्त किए। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि कारखाना उर्वरक नियंत्रण आदेश और आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन कर रहा है और मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की जाएगी। वहीं कृषि अधिकारी चौधरी ने कहा कि गोविंद इंडस्ट्रीज को सूक्ष्म पोषक तत्व बनाने और रासायनिक उर्वरक बेचने के लिए लाइसेंस दिया गया था। उन्होंने कहा इसके गोदाम से रासायनिक उर्वरकों की बरामदगी लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन है और उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि खाद की अनलोडिंग और पैकिंग में लगे कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है हालांकि, कारखाने के मालिक को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। प्रतिष्ठित ब्रांडों, पैकिंग सामग्री, रैपर और सिलाई मशीनों के नाम वाले खाली बैगों की बरामदगी से संकेत मिलता है कि कारखाना नकली रासायनिक उर्वरक का निर्माण कर रहा था और इन कंपनियों के नाम पर इसे बेच रहा था।