अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या: पति ने खेत में दफनाया शव, फिर दर्ज कराई गुमशुदगी; डेढ़ माह बाद खुला राज
लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र में गांव पकरिया निवासी महिला का शव खेत में दफना मिला था। पति ने अवैध संबंध के शक में उसकी हत्या करने के बाद शव को दफनाया था। किसी को शक न हो, इसलिए उसकी गुमशुदगी करा दी थी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद पूरे मामले का राजफाश कर दिया है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव पकरिया में 52 वर्षीय महिला पराना की हत्या उसके पति श्रीकेशन ने ही अवैध संबंध के शक में गला दबाकर की थी। शव को अपने खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया। इसके बाद थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को घटना का खुलासा कर आरोपी पति को जेल भेज दिया है।
एक सप्ताह पहले गांव पकरिया निवासी श्रीकेशन की पत्नी पराना का शव उसके ही खेत में दबा मिला था। पराना एक महीने से लापता थी। पति श्रीकेशन ने उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। बाद में पति ने ही पराना का शव खेत में दबा होने की पुलिस को जानकारी दी थी। हालांकि उस समय श्रीकेशन ने हत्या करने की बात स्वीकार नहीं की थी, लेकिन पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया।
'पापा मुझे बचा लो': रात में किया कॉल, सुबह पेड़ पर लटका मिला युवक का निर्वस्त्र शव; पीसीएस की कर रहा था तैयारी
पुलिस के मुताबिक श्रीकेशन ने बताया कि उसे पत्नी के गांव के ही एक व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था। 17 दिसंबर की उसने पत्नी को उक्त व्यक्ति के साथ जाते देख लिया था। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में उसने पराना की गला दबाकर हत्या कर दी। रात में गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अपने ही खेत में गहरा गड्ढा खोद कर शव गाड़ दिया था।
इसलिए दर्ज कराई थी गुमशुदगी
पुलिस के मुताबकि, श्रीकेशन ने बताया कि पत्नी की हत्या का किसी को शक न हो इसलिए वह भी लोगों के साथ उसकी तलाश में जुटा रहा। 26 दिसंबर को उसने थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। उधर, मृतका की भाभी राधा और श्रीकेशन के भतीजे सज्जन भी पराना की खोजबीन कर रहे थे। राधा ने ऑनलाइन भी शिकायत दर्ज कराई थी। बताते हैं कि संदेह के घेरे में आने पर खुद श्रीकेशन ने 25 जनवरी को पुलिस को तहरीर देकर पत्नी का शव उसके ही खेत में दबा होने की जानकारी दी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई थी गला दबाने से मौत की पुष्टि
डीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार की मौजूदगी में फूलबेहड़ पुलिस ने खेत से महिला का शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने श्रीकेशन, भतीजे सज्जन समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
सीओ धौरहरा पीपी सिंह ने बताया कि श्रीकेशन ने हत्या करने से लेकर शव छिपाने तक की पूरी घटना कुबूल की है। फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया कि मृतका की भाभी राधा की तहरीर पर श्रीकेशन के खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा तरमीम कर उसे जेल भेज दिया गया है।