लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा: श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराया गैस टैंकर, बुजुर्ग की मौत, 13 घायल
लखीमपुर खीरी के मितौली क्षेत्र में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर गैस टैंकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया, जिससे एक श्रद्धालु की मौत हो गई। कई घायल हुए हैं।
विस्तार
लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर भीकमपुर नहर पुल के निकट तेज रफ्तार इंडेन गैस टैंकर की श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इससे टैंकर पलट गया, जबकि ट्रैक्टर ट्रॉली पलटते हुए गहरी खंदक में जा गिरी। हादसे में एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर भीखमपुर पुलिस पिकेट के सिपाही पहुंच गए। घायलों को निजी वाहन से भेजा गया। बाद में पहुंचे मितौली और हैदराबाद पुलिस बल ने मौजूद भीड़ को टैंकर के पास से हटाया।
भीखमपुर क्षेत्र के ग्राम पचपेड़वा से तमाम श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से मौनी अमावस्या पर टेढ़ेनाथ धाम जा रहे थे। इसी दौरान मोहम्मदी की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार गैस टैंकर सामने से ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया, जिससे ट्रैक्टर का कुंडा टूट गया। ट्रैक्टर ट्रॉली आठ फीट गहरे खंदक में जा गिरा। ट्रैक्टर पर बैठे पचपेड़वा निवासी कैलाश मिश्रा महात्मा (60 वर्ष) की मौत हो गई।
ये लोग हुए घायल
सौरभ वाजपेयी (28 वर्ष) निवासी लखीमपुर गंभीर घायल हो गए। इसके अलावा रामहेत (35 वर्ष), रोहिणी देवी (22 वर्ष), सुभाषिनी देवी (50 वर्ष), अंजलि देवी (17 वर्ष), गायत्री देवी (35 वर्ष), रिंकी देवी (32 वर्ष), डुग्गू (5 वर्ष), सार्थक (5 वर्ष), शिवांगी देवी (18), मोना देवी (20 वर्ष), दिव्यांशी देवी (22 वर्ष) व नितिन (22 वर्ष) भी घायल हुए हैं। मौके पर एंबुलेंस के नहीं पहुंच पाने के कारण सभी को निजी वाहन से मितौली भेजा गया, जबकि गंभीर घायल सौरभ वाजपेयी को 112 से जिला अस्पताल भेजा गया।
पचपेड़वा से मौके पर पहुंचे मृतक कैलाश के भतीजे विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि मृतक उनके सगे चाचा थे। हादसे के बाद मौके पर मितौली, हैदराबाद और नीमगांव के थानाध्यक्ष पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। गैस रिसाव न हो इसलिए मौजूद भीड़ को टैंकर से 500 मीटर दूर कर दिया। टैंकर को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। टैंकर को हटाने के प्रयास शुरू कर दिए। ग्रामीणों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे कुछ श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया। हादसे में एक श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। कई अन्य की हालत गंभीर है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.