लखीमपुर खीरी। खीरी जिले गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक ने क्षेत्र का दौरा कर किसानों से उनके बकाया भुगतान को लेकर चर्चा की और जिला गन्ना अधिकारी से बात कर मामले में भुगतान न करने वाली चीनी मिलों का चीनी स्टॉक चेक कराने के लिए कमेटी बनाने की मांग की।
किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक ने बताया कि गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर वह काफी आहत हैं, इसी बाबत किसानों से चर्चा कर उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी वेद प्रकाश सिंह से भी बात की। बताया कि चीनी मिल किसानों के बकाया भुगतान को नहीं दे रहे हैं, जिसकी वजह से किसान अपने बच्चों की फीस नहीं जमा कर पा रहा है। समय पर शादी ब्याह नहीं कर पा रहा है। बीमारी का ठीक से इलाज नहीं करवा पा रहा है, इसकी वजह से कुछ किसानों की जानें भी गई हैं। बताया कि चीनी मिल पूरी चीनी बिक्री कर चुके हैं, लेकिन किसानों का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। जबकि, सरकार का आदेश है कि जितनी चीनी बेचेंगे उसका 85 प्रतिशत भुगतान किसानों के खाते में करना होगा और 15 प्रतिशत से अपना खर्च चलाना होगा। लेकिन, चीनी मिल चीनी ज्यादा बेचते हैं और किसानों को पैसा कम देते हैं। उन्होने डीसीओ वेद प्रकाश सिंह से मामले में एक कमेटी बनाकर चीनी मिलों का स्टॉक चेक कराने की बात कही। कहा कि अगर मामले में अधिकारी, किसानों को शामिल कर कमेटी न बनाई गई और गन्ने का भुगतान नहीं किया गया तो, गन्ना किसान आंदोलन को मजबूर होंगे।