{"_id":"684b15be393286a76a004ba1","slug":"forgot-the-family-after-marrying-second-time-in-lucknow-the-first-wife-lived-like-a-widow-for-15-years-lakhimpur-news-c-120-1-lkh1002-148074-2025-06-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lakhimpur Kheri News: लखनऊ में दूसरी शादी कर भूला परिवार... 15 साल बेवा जैसी जिंदगी जीती रही पहली पत्नी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lakhimpur Kheri News: लखनऊ में दूसरी शादी कर भूला परिवार... 15 साल बेवा जैसी जिंदगी जीती रही पहली पत्नी
Thu, 12 Jun 2025 11:30 PM IST
बरेली ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
Updated Thu, 12 Jun 2025 11:30 PM IST
विज्ञापन
कल्लन बेग
विज्ञापन
सिकंदराबाद।
जिस असालत की हत्या के आरोप में ससुर जेल में रहे, पहली बीवी 15 साल विधवा का जीवन जीती रही, पुत्र बिना पिता के साए के किसी तरह पला-बढ़ा, वह बिना किसी को बताए लखनऊ में गया तो था पैसे कमाने, पर वहां कुछ माह बाद दूसरी शादी कर ली और अपने परिवार को ही भूल गया। असालत तो अपने घर लौटना ही नहीं चाहता था, पर दूसरी पत्नी के काफी दबाव बनाने पर वह यहां आया, तो अब उसके घर और ससुराल वालों को समझ नहीं आ रहा कि खुशी मनाएं या बीते दर्द भरे दिनों की याद का दुख।
असालत के 15 साल बाद अपने घर वापस लौट आने की बात पता चलने पर उसके ससुराल वालों ने पुलिस को सूचना दी थी। इस पर नीमगांव पुलिस ने असालत को थाने लाकर पूछताछ की। बताया जा रहा है कि पूछताछ में ये बात सामने आई है कि पहले कबाड़ का काम करने वाला असालत अच्छी कमाई न होने और कर्ज की वजह से बिना किसी को बताए लखनऊ चला गया था। उसने वहां सिलाई-कढ़ाई का काम किया।
विज्ञापन
पहले तो वह कुछ पैसे कमा लेने के बाद घर वापस लौट आना चाहता था, पर कुछ महीनों बाद मल्लावां, हरदाेई की रुबीना से उसका प्रेम प्रसंग हो गया। इसके बाद असालत ने रुबीना से शादी कर ली और उसके साथ कुछ साल लखनऊ में ही रहा। इसके बाद दोनों गाजियाबाद जाकर वहां रहने लगे। उनके चार बच्चे भी हो गए। बताया जा रहा है कि असालत अपने घर नहीं लौटना चाहता था, पर पिछले कुछ समय से रुबीना यहां आने के लिए उस पर दबाव बना रही थी। इसी के चलते वह वापस लौट आया। अब पुलिस ने पूछताछ के बाद असालत को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
विज्ञापन
पहली पत्नी ने मुआवजे और पूरा जीवन खर्च उठाने की मांग की
असालत के वापस लौटने के बाद उसकी पहली पत्नी सुफिया ने मांग की है कि जो 15 वर्ष उसने व उसके बच्चे ने अकेले काटे हैं, उसका मुआवजा असालत दे। साथ ही उसका व पुत्र अल्तमश का जीवत रहने तक का खर्चा उठाए। उधर असालत के ससुर कल्लन बेग ने बताया कि उनकी लड़कियों की शादी नहीं हो रही थी। लोग कहते थे इस घर में शादी नहीं करेंगे, यहां तो दामाद ही मार डाले जाते हैं। उन्होंने रोते हुए कहा कि जिंदा रहते उन पर लगा कलंक अब साफ हो गया।
ये है मामला
नीमगांव थाना क्षेत्र के सिकंदराबाद निवासी कल्लन बेग ने अपनी पुत्री सुफिया की शादी मैलानी थाना क्षेत्र के कुकरा निवासी असालत के साथ 16 साल पहले की थी। करीब 15 वर्ष पूर्व असालत ससुराल आया था और यहीं से कहीं गायब हो गया था। उसके परिजनों ने 2013 में कोर्ट के आदेश पर ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें ससुर कल्लन बेग करीब दो माह से अधिक जेल में रहे थे। बाद में इस मुकदमे में पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। अब असालत चार दिन पहले घर वापस लौट आया है। उसके साथ उसकी दूसरी पत्नी रुबीना और चार बच्चे भी हैं।
मुकदमा हत्या की धारा में दर्ज हुआ था। 2015 में उस मुकदमे में एफआर लग गई थी। अब कोई अपराध न बनने के कारण असालत को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
आलोक कुमार धीमान, प्रभारी निरीक्षक नीमगांव

कल्लन बेग

कल्लन बेग

कल्लन बेग