साल के पहले दिन छाई रही धुंध, नहीं खिली धूप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ों पर भीषण बर्फवारी और मैदानों में चलने वाली बर्फीली हवाओं से तराई कांप उठी है। भीषण शीतलहर के चलते गलन एकाएक बढ़ गई है। आसमान में धुंध छाई रहने से सोमवार को दिन भर सूरज के दर्शन नहीं हुए। इससे पारा घड़ाम हो गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है, जो इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है। शीतलहर को देखते हुए डीएम ने पहले ही 31 दिसंबर से चार जनवरी तक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर तक के स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
अब तक सुबह शाम तो कड़ाके की ठंड हो रही थी, लेकिन दिन में अच्छी धूप निकलने से लोगों को राहत थी। रविवार को भी दोपहर बाद धूप निकलने से ठंड से कंाप रहे लोगों ने राहत की सांस ली थी। शाम को अचानक घना कोहरा छा गया था। रात में कोहरा इतना घना था कि बिजली की रोशनी में भी सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। इससे शाम से ही वाहनों की रफ्तार थम गई। शाम होते ही लोग घरों में दुबक गए। सोमवार सुबह ही कोहरा तो छंट गया, लेकिन आसमान में धुंध छाई रही। दिन भर चलने वाली बर्फीली हवाओं ने गलन बढ़ा दी। नए साल की शुरुआत भीषण शीतलहर के साथ हुई। नववर्ष की पहली सुबह का सूरज देखने को लोग तरस गए। लगातार गिरते तापमान के चलते शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। यह शीतलहर बीमारों और बुजुर्गों पर काफी भारी पड़ रही है। अधिकांश बुजुर्ग या तो रजाइयों में दुबके रहे या अलाव तापते रहे। भीषण शीतलहर के चलते प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय तो डीएम के निर्देश पर बंद रहे, जबकि इंटर कॉलेजों और डिग्री कॉलेजों में विद्यार्थियों की उपस्थिति काफी कम रही। दफ्तरों में भी कामकाज बाधित रहा। अधिकारी और कर्मचारी हीटरों और ब्लोवर्स के पास बैठकर सर्दी से निजात पाने की कोशिश में लगे रहे।
भीषण शीतलहर उन बाढ़, कटान, पीड़ित विस्थापितों के लिए परेशानी का सबब बन गई है जो खानाबदोशों की तरह तटबंध और सड़क किनारे पॉलीथिन या तिरपाल डालकर रह रहे हैं। मजदूरों, पल्लेदारों और रिक्शा चालकों पर भी यह ठंड काफी भारी पड़ रही है। पलिया-संपूर्णानगर। सोमवार का दिन सबसे ठंडा रहा। दिनभर कोहरे के कारण जहां लोग वाहनों की लाइट जलाकर निकले। वहीं शीतलहर चलने से ठंड का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया, जिसके कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। उधर संपूर्णानगर कस्बे में ठंड से राहत दिलाने के लिए सार्वजनिक स्थलों पर वन विभाग की ओर से अलाव जलाए गए। बस स्टैंड, संपूर्णानगर तिराहे आदि पर प्रभागीय वनाधिकारी डॉ अनिल कुमार पटेल के निर्देश में रेंजर सुभाष चंद्र वर्मा ने दलबल के साथ लकड़ी जलवाकर अलाव की व्यवस्था कराई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। गोला गोकर्णनाथ। वर्ष 2018 के पहले दिन से सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। घने कोहरे, आकाश में छाई बदली के बीच हाड़ कंपाती ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने के लिए मजबूर कर दिया। वही बच्चों और बड़ों ने आग के पास बैठकर सर्दी से राहत पाई। नगर के विभिन्न स्थलों पर नगर पालिका परिषद द्वारा लगाए गए अलावों के पास लोग आग तापते नजर आए, वहीं गांव में भी लोगों ने आग तापकर दिन गुजारा।
ममरी। कसबे के सदर चौराहा, इलाहाबाद बैंक के सामने अलाव की व्यवस्था न होने से सवारी के इंतजार में खड़े यात्री, बैंकिंग कार्य में आए खातेदार, ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी थर-थर कांपते रहे, कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहनों की गति धीमी रही, बाजार के दुकानदारों ने कागज, पत्ती जलाकर ठंड से कांप रहे लोगों को राहत पहुंचाई, बढ़ती ठंड को ध्यान में रखकर कस्बा वासियों ने सदर चौराहा, बैंक के सामने अलाव जलाने की मांग तहसील प्रशासन से की है।
पिछले एक सप्ताह में तापमान का उतार चढ़ाव
दिनांक..............अधिकतम..............न्यूनतम
26 दिसंबर.............22.8..................08.0
27 दिसंबर.............22.5..................07.8
28 दिसंबर.............21.5..................08.5
29 दिसंबर.............22.3..................07.5
30 दिसंबर.............21.5..................07.2
31 दिसंबर..............22.2.................07.2
01 जनवरी.............20.5..................05.3