Lakhimpur Kheri: आबकारी विभाग के दीवान का शव तालाब में मिला, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बताया गया है कि दीवान अक्सर शराब के नशे में रहता था। तालाब के पास से रास्ता गुजरता है, जिससे आशंका है कि आबकारी दीवान का पैर फिसलने से वह उसमें जा गिरा होगा, जिससे उसकी मौत हो गई।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में देवकली रोड पर डीएस कॉलेज के पास तालाब में रविवार की सुबह आबकारी विभाग के दीवान का शव बरामद हुआ है। उसकी तैनाती मितौली में थी, जबकि वह मूल रूप से बलिया के निवासी थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहल्ला बलदेवनगर में किराए से रह रहे 56 वर्षीय अवध बिहारी करीब तीन साल से आबकारी विभाग में दीवान के पद पर तैनात थे। वह मूल रूप से बलिया जिले के निवासी थे। वर्तमान में उनकी तैनाती मितौली में थी, लेकिन वह लखीमपुर में मोहल्ला बलदेवनगर में किराए से कमरा लेकर अकेले रहते थे। रविवार की सुबह देवकली रोड पर स्थित तालाब में बावर्दी एक शव पड़ा होने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची।
नशे का आदी थी दीवान
शव को बाहर निकालने के बाद उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से आधार कार्ड व 10,520 रुपये मिले। सीओ सिटी संदीप सिंह, कोतवाल चंद्रशेखर सिंह समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि दीवान अक्सर शराब के नशे में रहता था। तालाब के पास से रास्ता गुजरता है, जिससे आशंका है कि आबकारी दीवान का पैर फिसलने से वह उसमें जा गिरा होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। सिर्फ माथे पर एक गुलम का निशान छोड़कर शव पर जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर,जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप दिनकर ने बताया कि वह किडनी की बीमारी से पीड़ित था। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। घटना की सूचना मृतक के परिजन को दे दी गई है, जो शाम तक बलिया से खीरी पहुंचेंगे।