फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lakhimpur Kheri News ›   Department of Electrical Contractors Shot dead

बिजली विभाग के ठेकेदार की गोली मारकर हत्या

Sun, 29 Mar 2015 11:37 PM IST
लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी Updated Sun, 29 Mar 2015 11:37 PM IST
विज्ञापन
Department of Electrical Contractors Shot dead
पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर केशवापुर गांव के पास शनिवार की देर रात वाहन ओवरटेक करने को लेकर हुई नोकझोंक में बाइक सवार युवकों ने लखनऊ के एक बिजली के सामान के ठेकेदार को तमंचे से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद युवक मौके से फरार हो गए। सूचना पर रात में ही गोला पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने रात में ही बोलेरो में सवार ठेकेदार के कर्मचारी की तहरीर पर अज्ञात युवकों के  खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस मामले में अभी आरोपियों का सुराग नहीं लगा है।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक लखनऊ के महानगर निवासी 40 वर्षीय बिजली विभाग ठेकेदार सचेंद्र सिंह की श्रीनाथ इलेक्ट्रिक वर्क्स (सेल्स) के नाम से फर्म है। शनिवार की रात करीब 10 बजे सचेंद्र सिंह बिजनेस संबंधी एक बैठक कर उत्तराखंड के रामनगर से लौट रहे थे। बताते हैं कि पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर गोला कोतवाली क्षेत्र के गांव केशवापुर के पास दो बाइकों पर सवार चार युवक सचेंद्र सिंह की बोलेरो को ओवरटेक करते हुए आगे बढ़े और सड़क पर बाइकें खड़ी कर बोलेरो रोक ली और उन्हें बोलेरो से बाहर खींचने की कोशिश की। इसके बाद दाहिने कंधे पर तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने के बाद सचेंद्र्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ सचेंद्र को आनन-फानन में निजी वाहन से जिला अस्पताल भेजा, लेकिन यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
विज्ञापन

चार के समूह वाले गुटों पर अटकी पुलिस जांच
बिजली विभाग के ठेकेदार की गोली मारकर हत्या करने वालों को दबोचने के लिए पुलिस ने चार के समूह वाले गुटों की तलाश पर जांच केंद्रित की है। पुलिस ने कुछ को पूछताछ के लिए पकड़ा भी है। इतना ही नहीं पुलिस को आशंका है कि ओवरटेक करते समय निश्चित रूप से बोलेरो आरोपियों की बाइक से टच हो गई होगी। हो सकता है कि नोकझोंक की वजह भी बाइक का क्षतिग्रस्त होना रहा हो, इसलिए इस ओर भी पुलिस की नजरें हैं। हत्या को अंजाम देते समय एक युवक के सिख जैसे दिखने की बात सामने आई है। फिलहाल एसपी अरविंद सेन का कहना है कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। जल्द ही हत्यारोपी पकड़े जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

मौत सामने देख कांप गया किशन
सचेंद्र सिंह को जिस समय गोली मारी गई उस समय वह गाड़ी चला रहे थे, जबकि उनका कर्मचारी किशन गाड़ी में पीछे बैठा था। किशन के मुताबिक सचेंद्र से एक युवक ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी कर रहा था, तभी बाइक पर पीछे बैठे सिख जैसे दिखने वाले युवक ने ज्यादा बात न करने की हिदायत देते हुए सचेंद्र को गोली मार दी। इससे पीछे बैठा किशन अंदर तक कांप गया।
पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
सचेंद्र की हत्या की खबर सुनकर उनकी पत्नी करुणा सिंह, पुत्र शिखर सिंह और पुत्री अक्षरा अन्य परिवारीजनों के साथ रात में ही लखीमपुर पहुंचीं। शव को देखकर परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कुछ घंटों के बाद ही पत्नी और बच्चों को वापस लखनऊ भेज दिया गया।
कई जिलों में फैला है कारोबार
परिवारीजनों के मुताबिक बिजली विभाग ठेकेदार सचेंद्र सिंह का कारोबार कई जिलों में फैला है। ललितपुर में सचेंद्र सिंह सिंचाई विभाग का भी कार्य करते हैं। वहीं लखनऊ, इटावा, दिबियापुर उत्तराखंड सहित कई शहरों में बिजली संबंधी और बिजली उपकरणों की सप्लाई का काम भी है।

एसपी अरविंद सेन ने बताया कि बिजली विभाग के ठेकेदार सचेंद्र की हत्या के मामले में अज्ञात युवकों पर रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि सचेंद्र का युवकों से कोई विवाद नहीं था। सिर्फ गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी हुई थी। उम्मीद है आरोपी युवक जल्द पकड़े जाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed