हिमाचल प्रदेश: सेना, सरकारी नौकरी का झांसा देकर 2.37 करोड़ ठगे, तीन पर एफआईआर
एमईएस, टेरिटोरियल आर्मी, आयकर विभाग, रेलवे और अन्य विभागों में भर्ती करवाने का भरोसा देकर युवाओं से पैसे लिए गए। इसमें हमीरपुर और कांगड़ा के युवाओं के अलावा हमीरपुर और पालमपुर में अग्निवीर भर्ती के नाम पर रकम लेने का भी उल्लेख किया गया था।
विस्तार
सेना और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं और उनके परिजनों से करीब 2.37 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों में पुणे, जालंधर और ऊना के निवासी शामिल हैं। सुजानपुर थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में कुछ अन्य लोग भी जांच के दायरे में आ सकते हैं। सुजानपुर के बैरी निवासी पूर्व सैनिक सतीश कुमार ने 14 अक्तूबर को एसपी हमीरपुर को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप लगाया था कि एमईएस, टेरिटोरियल आर्मी, आयकर विभाग, रेलवे और अन्य विभागों में भर्ती करवाने का भरोसा देकर युवाओं से पैसे लिए गए। इसमें हमीरपुर और कांगड़ा के युवाओं के अलावा हमीरपुर और पालमपुर में अग्निवीर भर्ती के नाम पर रकम लेने का भी उल्लेख किया गया था।
विभागों और सैन्य प्रतिष्ठानों में भर्ती करवाने के नाम पर रकम ली गई
सतीश के अनुसार जिले में संचालित एक अकादमी के माध्यम से उनका संपर्क कुछ लोगों से हुआ था। इन लोगों ने उनके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद विभिन्न विभागों और सैन्य प्रतिष्ठानों में भर्ती करवाने के नाम पर रकम ली गई। आरोप है कि युवाओं को नौकरी मिलने का भरोसा दिलाने के लिए कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिए गए। रकम वापस मांगने पर धमकियां देने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है। शिकायत में टेरिटोरियल आर्मी की 116 इन्फेंट्री बटालियन, नागपुर और पुणे में एमईएस से संबंधित भर्ती का भी उल्लेख किया गया है। करीब 14 युवाओं के फायरमैन पद के लिए आवेदन भरवाने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने सितंबर 2021 से सितंबर 2026 तक अलग-अलग तारीखों पर कथित नियुक्ति पत्र मिलने की बात कही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि नौकरी दिलाने के अलावा निवेश के नाम पर भी लोगों से पैसे लिए गए। इसके लिए 10 प्रतिशत लाभ देने का भरोसा दिया गया था।
मामले में शिकायत मिलने के बाद संबंधित थाने को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद टीम जांच में जुट गई है। हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।-बलवीर ठाकुर, एसपी हमीरपुर
