{"_id":"5af83dec4f1c1bd7408b4e54","slug":"191526218220-lakhimpur-kheri-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"एसिड पिलाने के बाद रस्सी से घोटा गया था कारोबारी का गला","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
एसिड पिलाने के बाद रस्सी से घोटा गया था कारोबारी का गला
Updated Sun, 13 May 2018 07:00 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
एसिड पिलाने के बाद रस्सी से घोटा गया था कारोबारी का गला
पलिया बस अड्डे के पीछे शनिवार को बंद कमरे में मिला था शव
खमरिया के कारोबारी का निकला शव
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। होमगार्ड के मकान में शनिवार दोपहर बाद मिले शव की शिनाख्त थाना ईसानगर के बसढ़िया चौराहा (खमरिया) निवासी 33 वर्षीय विजय कुमार जायसवाल के रूप में हुई है। विजय की बसढ़िया चौराहा पर बाइक एजेंसी थी और शराब का भी कोराबार था। रविवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रस्सी से गला कसकर मौत होने की बात सामने आई है। पेट में एसिड भी मिला है।
शनिवार को पलिया बस अड्डे के पीछे वाली गली में होमगार्ड राधेश्याम वर्मा के मकान के एक कमरे में 33 वर्षीय युवक का शव मिला था। उसके गले में रस्सी कसी थी। शरीर पर चोट के निशान थे, जिस कमरे में शव बरामद हुआ, उसमें किराए पर रहने वाले दो छात्र दूसरे दिन भी पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस ने छात्र राजाराम गुप्ता उर्फ राजू गुप्ता की तहरीर पर धौरहरा कोतवाली के गांव वाली निवासी अनुज मिश्रा व एक अन्य के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट रात में ही दर्ज कर ली थी। उधर व्हाट्सएप ग्रुपों पर शव की फोटो वायरल हुई। ग्रुपों पर आई फोटो को देखकर घर वालों ने विजय कुमार जायसवाल के होने की आशंका जताई। इस पर मोरचरी पहुंचे मृतक के बड़े भाई उमेश कुमार जायसवाल ने शव की शिनाख्त अपने छोटे भाई विजय कुमार जायसवाल के रूप में की थी। शिनाख्त होने के बाद रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसकी वीडीयोग्राफी भी कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर गौर करें तो कारोबारी को मारने के पहले हत्यारों ने उसे एसिड पिलाया। इसके बाद उसकी रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी। कारोबारी के पेट में एसिड पाया गया है। पोस्टमार्टम के दौरान एएसपी पश्चिमी घनश्याम चौरसिया, सीओ सिटी आरके वर्मा, इंस्पेक्टर ऋषि देव मौजूद रहे।
विज्ञापन
पोस्टमार्टम पहुंचे जनप्रतिधि, बंधाया ढांढस
बसढिय़ा (खमरिया) निवासी कारोबारी विजय कुमार जायसवाल की हत्या होने की खबर जब लोगों को पता चली तो क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सदर विधायक योगेश वर्मा, व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप गुप्ता, महिला जिलाध्यक्ष पारुल गुप्ता, जायसवाल कलवार समाज के जिलाध्यक्ष प्रशांत जायसवाल आदि मौके पर पहुंच गए। जनप्रतिनिधियों ने परिवार वालों से घटना के बाबत जानकारी ली और परिवार वालों को ढांढस बंधाया।
विज्ञापन
पर्स और मोबाइल गायब
उमेश कुमार जायसवाल ने बताया कि छोटे भाई विजय कुमार का मोबाइल और पर्स गायब है, जो घटना स्थल पर पुलिस को नहीं मिला है। पर्स में करीब 40 हजार रुपये और जरूरी कागजात थे। उन्होंने बताया कि जिस कमरे में भाई की हत्या की गई है। उसमें भाई के गले में पड़ा छोटे दानों वालों वाला रुद्राक्ष माला टूटा मिला है, जबकि भाई दो सोने की अंगूठी पहने था। वह भी मिल गई हैं।
एसपी ने घटना स्थल देखा, पूछताछ की
एसपी रामलाल वर्मा रविवार को पलिया बस अड्डे के पीछे वाली गली में पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। गृहस्वामी होमगार्ड राधेश्याम वर्मा से पूछताछ की। आसपास के लोगों से आसपास होने वाली गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद वह सदर कोतवाली पहुंचे। अचानक कोतवाली आए एसपी को देख वहां हड़कंप मच गया। एसपी ने हिरासत में मौजूद दोनों छात्रों और इस मामले में पकड़ कर लाए गए एक अन्य आरोपी से अलग-अलग करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ। उन्होंने कोतवाल से अब तक मामले में हुई प्रगति की भी जानकारी ली।
...तो पूर्व नियोजित था मर्डर
जिस कमरे में कारोबारी का शव मिला था। उसमें दो छात्र ही रहते थे। हत्यारोपी अनुज का आना-जाना था। गृहस्वामी के घर में प्लास्टिक की कोई रस्सी नहीं थीं, जबकि इसी रस्सी से विजय का शव बंधा था और उसके गले में एक सिरा कसा था। संभावना जताई जा रही है कि विजय कुमार जायसवाल की हत्या पूर्व नियोजित थी। शायद हत्यारोपी प्लास्टिक की रस्सी साथ ही लेकर आए थे और उसी रस्सी से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
साइड स्टोरी.....
आशनाई में तो नहीं गई कारोबारी की जान
मोबाइल पर युवती की आई थी पहली कॉल
कॉल डिटेल के सहारे खुलासे के करीब पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। कारोबारी विजय कुमार की हत्या के मामले में पुलिस की जांच में अब तक जो थ्योरी सामने आई है। उससे हत्या के तार आशनाई और ब्लैकमेलिंग से जुड़े मिले हैं। पुलिस ने दोनों बिंदुओं पर अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस की मानें तो विजय के मोबाइल पर सुबह करीब 05:30 पर आई कॉल थाना ईसानगर के एक गांव की युवती की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुज मिश्रा और युवती की तलाश शुरू कर दी है।
सीतापुर जिले के थाना तंबौर के गांव गुड़पुरवा निवासी उमेश कुमार ने बताया कि उनका छोटा भाई पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर थाना ईसानगर क्षेत्र के बसढ़िया चौराहा पर परिवार समेत रहता था। मकान में ही नीचे उसकी बाइक एजेंसी का शोरूम है। खमरिया में अंग्रेजी शराब की दुकान है। उन्होंने बताया कि भाई के मोबाइल पर शनिवार की सुबह करीब 05-30 बजे कॉल आई। भाई ने कॉल करने वाले से बात करने के साथ ही सीतापुर जाने की बात पत्नी पिंकी देवी को बताई और घर से पैदल ही बसढ़िया चौराहा की ओर चल दिए। सुबह करीब साढ़े छह बजे भाई ने अपने मित्र राजेश मिश्रा के मोबाइल पर फोन किया और जल्दी रुपये लेकर पुल पर आने की बात कही। रुपये कितने लाने हैं और किस पुल पर पहुंचना है। यह बात विजय नहीं बता सका, इससे पहले ही उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। राजेश मिश्रा ने कई बार कॉल की, लेकिन विजय से उसकी बात नहीं हो पाई। इस पर राजेश मिश्रा ने उन्हें फोन किया। बताया कि विजय ने फोन कर पैसा मांगा। पूरी बात भी नहीं हो पाई और अब उसका मोबाइल स्विच ऑफ है। इस पर परिवार के लोगों ने भी कॉल की, लेकिन उसका नंबर नहीं लगा। मोबाइल डिस्चार्ज या नेटवर्क न होने की बात सोचकर घर के लोग बेफ्रिक रहे। रात में जब भाई की हत्या होने की जानकारी हुई तो उन्होंने पता किया। पता करने पर बसढ़िया चौराहा से जानकारी मिली कि एक स्विफ्ट कार में छह-सात लोग सवार थे। उसी में बैठकर भाई लखीमपुर की ओर गया है। इस पर पुलिस ने मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो सुबह करीब 05:30 बजे विजय के मोबाइल पर की गई कॉल थाना ईसानगर की एक युवती की निकली। पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर अपनी जांच तेज की तो साफ हुआ कि युवती के करीब तीन साल से विजय से अवैध संबंध थे। एक महीने पहले ही युवती ने हत्यारोपी अनुज मिश्रा से कोर्ट मैरिज की है। युवती की आमशोहरत अच्छी नहीं है। पुलिस का मानना है कि शातिर दिमाग अनुज मिश्रा ने आशनाई को लेकर विजय को ब्लैकमेल करने की कोशिश की हो, जिसका विजय कुमार ने विरोध किया हो। इस पर अनुज ने उसे युवती से फोनकर चौराहा पर बुलाया। बाद में उसे अपने साथियों के साथ लेकर हत्या कर दी और कमरे में शव बंद कर दिया। पुलिस दोनों बिंदुओं की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस ने घटना के खुलासे के करीब पहुंचने का भी दावा किया है।
00000000000000000
पुलिस घटना के खुलासे के करीब है। जांच से यह साफ हो गया है कि एक युवती की कॉल पर व्यापारी विजय घर से निकला था। युवती की भी आमशोहरत अच्छी नहीं है। मामला आशनाई को लेकर जुड़ा है। ब्लैकमेलिंग की भी संभावना है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें छापामारी कर रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
- आरके वर्मा, सीओ सिटी