Lakhimpur Kheri: भाई और भाभी ने युवक को पीटकर मार डाला, बिजली केबल को लेकर हुआ था विवाद
लखीमपुर खीरी के सिंगाही में एक युवक की उसकी बड़े भाई और भाभी ने हत्या कर दी। बताया गया है कि दोनों में बिजली बिल को लेकर विवाद हुआ था।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के सिंगाही कस्बे के कोरियाना मोहल्ले में बिजली बिल के बकाये को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।
मृतक मोनू (24) की पत्नी रिंकी ने बताया कि वह शनिवार को मायके चली गई थी। रात में बकाया बिजली बिल (छह हजार रुपये) को लेकर उसके पति मोनू का जेठ सोनू से झगड़ा हो गया था। इस दौरान सोनू और उसकी पत्नी ने मोनू को जमकर पीटा, फिर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए दोनों ने शव को घर में ही साड़ी के फंदे से लटका दिया।
युवक के हाथ की हड्डी टूटी पाई गई है। पीठ पर भी चोट के निशान हैं। वहीं, आरोपी सोनू ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि मोनू की मौत फंदे से लटकने से हुई। उसने ही मोनू को फंदे से उतारा था। उसने पानी भी मांगा था, लेकिन पानी पीने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
इसलिए हुआ विवाद
सोनू बार-बार मोनू से बिजली बिल के रुपये मांग रहा था। मोनू इससे मना कर रहा था। रिंकी ने बताया कि इससे नाराज सोनू ने मोनू के घर का कनेक्शन काट दिया था। इस बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हुआ था।
सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिग आया है। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ के लिए भाई और भाभी को बुलाया गया है।