दर्दनाक हादसा: डीसीएम और बस के बीच में फंस गई बाइक, धड़ से अलग हुआ ग्रामीण का सिर
लखीमपुर खीरी के पलियाकलां क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। पलिया-संपूर्णानगर मार्ग पर लालपुर ढाका गोशाला के पास डीसीएम और बस के बीच फंसने से बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। उसका सिर धड़ से अलग हो गया।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के पलियाकलां क्षेत्र में पलिया-संपूर्णानगर मार्ग पर लालपुर ढाका गोशाला के पास मंगलवार को डीसीएम और बस के बीच बाइक फंसने से मटहिया निवासी शारदा (50 वर्ष) की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि उनका सिर धड़ से अलग हो गया।
भीरा थाना क्षेत्र के गांव मटहिया निवासी शारदा पुत्र बलदेव बाइक से संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के गांव त्रिकोलिया स्थित रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लालपुर ढाका गोशाला के पास उनकी बाइक डीसीएम और बस के बीच फंस गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर पहचान नहीं हो सकी।
परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस के मुताबिक हादसे में शामिल वाहनों का पता चल गया। हादसे के बाद संपूर्णानगर मार्ग पर राहगीरों की भीड़ जुटने से कुछ देर यातायात प्रभावित हुआ। सीओ पलिया जितेंद्र कुमार परिहार ने बताया कि पुलिस ने डीसीएम बरामद कर ली है और चालक की तलाश की जा रही है। बस चालक का भी पता लगाया जा रहा है।
सुबह हरियाणा से घर लौटे थे शारदा
हरियाणा में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले शारदा मंगलवार सुबह पांच बजे घर लौटे थे। उनके लौटने से परिवार में खुशी थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद सड़क हादसे में उनकी मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। शारदा मेहनत-मजदूरी कर अपने तीन बेटों शोभित, रोहित और मोहित का पालन-पोषण कर रहे थे।
बड़े बेटे शोभित और मंझले बेटे रोहित की शादी हो चुकी है। सबसे छोटा बेटा मोहित घर पर रहकर ऑटो चलाता है और पिता का हाथ बंटाता था। हरियाणा से लौटने के बाद शारदा रिश्तेदारी में त्रिकोलिया गए थे। वहां से लौटते समय संपूर्णानगर रोड पर लालपुर ढाका गोशाला के पास हुए हादसे में उनकी मौत हो गई।