Amritpal Singh: पलिया में पंजाब पुलिस ने खंगाली होटलों की सीसीटीवी फुटेज, नहीं लगा अमृतपाल का सुराग
पंजाब पुलिस के मुताबिक 23 मार्च को अमृतपाल सिंह की लोकेशन खीरी में मिली थी। इसके बाद से पुलिस के हाथ उसका कोई सुराग नहीं लगा है। पंजाब पुलिस पलिया में डेरा जमाए हुए हैं।
विस्तार
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के खीरी के रास्ते नेपाल जाने की आशंका के चलते पंजाब पुलिस ने शहर में डेरा डाल रखा है। सोमवार को कई होटलों में सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। सादा वर्दी में पंजाब पुलिस के जवानों ने कई दुकानों पर भी जाकर वहां सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। हालांकि उनके हाथ अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।
पंजाब पुलिस के मुताबिक 23 मार्च को अमृतपाल सिंह की लोकेशन खीरी में मिली थी। इसके बाद से खीरी पुलिस, एसएसबी समेत अन्य खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गईं थीं। उसके नेपाल भागने की आशंका के चलते बॉर्डर पर कड़ी निगहबानी की जा रही है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों को रोककर तलाशी ली जा रही है।
सीमा पार करने वालों की ली जानकारी
रविवार को जालंधर पुलिस भी यहां आ गई। पुलिस ने शहर के बाईपास रोड स्थित कई होटलों और दुकानों में जाकर सीसीटीवी फुटेज चेक किए। होटलों में रुकने वाले लोगों की जानकारी ली। उनके आईडी कार्ड भी चेक किए। सादा वर्दी में पंजाब पुलिस के जवानों ने बॉर्डर पर भी जाकर कैंटीन समेत बॉर्डर से गुजरने वालों से जानकारी ली। स्थानीय पुलिस व एसएसबी के सहयोग से बॉर्डर पर भी लगातार पंजाब पुलिस नजर बनाए हुए है।
वाहनों की सघन तलाशी
देर रात वाहनों को रोककर तलाशी ली जा रही है। गांवों में जाने वाले ग्रामीणों की गाड़ियों को भी चेक किया जा रहा है। कजरिया में पुलिस ने एसएसबी के सहयोग से चेकिंग की। यहां दो व चार पहिया वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली और वाहनों के प्रपत्र देखने के साथ ही आईडी कार्ड भी चेक किए गए।
एसएसबी बरत रही सतर्कता
डॉग स्क्वाड के जरिए एसएसबी द्वारा सतर्कता बरती जा रही है। पंजाब पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर एसएसबी लगातार डॉग स्क्वाड की मदद से चेकिंग अभियान चला रही है। जंगली रास्तों पर भी डॉग स्क्वायड के जरिए नजर रखी जा रही है। नदी, घाटों को जाने वाले रास्तों पर पूरी मुस्तैदी है।