Kushinagar News: तीन लाख रुपये लेकर दरोगा ने विवेचना में की हेरफेर, मुकदमा दर्ज
डीआईजी ने प्रकरण की जांच का निर्देश एसपी कुशीनगर को दिया। जांच में दरोगा के खिलाफ प्रमाण मिलने पर हनुमानगंज थाना में भ्रष्टाचार सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। दरोगा के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जांच सीओ खड्डा संदीप वर्मा को सौंपी गई है।
विस्तार
कुशीनगर जिले में हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे में दरोगा ने तीन लाख रुपये लेकर हेरफेर किया था। विवेचना में गड़बड़ी सामने आने पर पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में एसपी धवल जायसवाल के आदेश पर विवेचक दरोगा के खिलाफ हनुमानगंज थाना में भ्रष्टाचार सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।
थाना विशुनपुरा के गांव दुदही निवासी अजय सिंह ने 21 मार्च 2022 को अपने विपक्षी 13 लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रयास, खतरनाक हथियार का प्रयोग, गंभीर रूप से घायल करने, जानबूझकर चोट पहुंचाने, बलवा आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की विवेचना हनुमानगंज थाना में तैनात दरोगा दीनानाथ पांडेय को सौंपी गई थी।
आरोप है कि विवेचक ने वादी मुकदमा अजय सिंह की पत्नी नमिता सिंह से मुकदमे में धारा 308 (गैर इरादतन हत्या के प्रयास की) को 307 (हत्या के प्रयास) में तरमीम करने के लिए तीन लाख रुपये मांगे। महिला ने दो बार में दरोगा को तीन लाख रुपये का भुगतान कर दिया, लेकिन दरोगा ने कोई कार्रवाई नहीं की। उधर, विवचेक ने आरोपी पक्ष के लोगों से मुकदमे में नाम हटाने के बदले भी एक लाख रुपये वसूली कर ली। इसकी जानकारी होने पर पीड़ित ने डीआईजी जे. रविंद्र गौंड से मिलकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
डीआईजी ने प्रकरण की जांच का निर्देश एसपी कुशीनगर को दिया। जांच में दरोगा के खिलाफ प्रमाण मिलने पर हनुमानगंज थाना में भ्रष्टाचार सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। दरोगा के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जांच सीओ खड्डा संदीप वर्मा को सौंपी गई है।
इस संबंध में सीओ संदीप वर्मा ने बताया कि आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ विभागीय जांच भी चल रही है। दर्ज मुकदमे में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
महिला ने विवेचना में रुपये लेने का लगाया था आरोप
हाटा कोतवाली में एक साल पूर्व दर्ज मुकदमे में विवेचना के नाम पर रुपये लेने के आरोप में तत्कालीन एसएसआई भीखू राय और एक अन्य पुलिसकर्मी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज हुआ है। हाटा कोतवाली के ढाढा निवासी मीरा देवी ने डेढ़ साल पहले तैनात रहे एसएसआई भीखू राय पर यह आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। महिला ने कहा कि उसका बेटा हत्या के प्रयास, मारपीट और जानमाल की धमकी देने के मुकदमे में अभियुक्त बनाया गया था। दरोगा ने रुपये लेकर उसके बेटे का नाम निकालने का आश्वासन दिया।
महिला का आरोप है कि इसके बदले में दरोगा ने पांच लाख रुपये मांगे थे, जिस पर महिला ने दो लाख रुपये मंगाकर दरोगा को दे दिए। इसके बाद दरोगा ने बाकी के तीन लाख रुपये मांगना शुरू कर दिया। महिला बकाया रुपये नहीं दे पाई तो दरोगा ने उसे थाने से डांटकर भगा दिया। महिला के बेटे का नाम भी मुकदमे से नहीं निकाला। परेशान होकर महिला ने अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में आरोप सही पाए जाने पर एसपी धवल जायसवाल ने आरोपी एसएसआई और सहयोगी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। इस संबंध में एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि शिकायत सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।