मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक की बांसी नदी का शुक्रवार को सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डीडीओ अरुण पांडेय, डीसी मनरेगा राकेश कुमार, बीडीओ अखंड प्रताप सिंह सहित ब्लॉक की तकनीकी टीम एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने बांसी नदी के समीप लगभग पांच एकड़ भूमि पर मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। सीडीओ ने बांसी नदी की सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की। खड्डा ब्लॉक क्षेत्र के गांवों के सामने नदी की सफाई कार्य शुरू हो जाने पर संतोष जताया, जबकि विशुनपुरा ब्लॉक के 12 गांवों के सामने अब तक सफाई कार्य शुरू न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। निर्देश दिया कि 12 जनवरी तक हर हाल में इन गांवों के सामने नदी की सफाई सुनिश्चित की जाए। सीडीओ ने कहा कि बांसी नदी क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। नदी की सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।