कुशीनगर: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर डॉक्टर से 50 लाख की फिरौती मांगी, बेटे की हत्या की धमकी
वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. वीके सिंह से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। दो महीने के भीतर रजिस्टर्ड डाक से दूसरी बार धमकी भरा पत्र भेजा गया है। पत्र में रुपये नहीं देने पर डॉक्टर के दिल्ली में रह रहे बेटे की हत्या करने की धमकी दी गई है।
विस्तार
पडरौना के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. वीके सिंह से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। रजिस्टर्ड डाक से भेजे गए पत्र में रुपये नहीं देने पर डॉक्टर के बेटे की हत्या की धमकी दी गई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने डॉक्टर वीके सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी है।
50 लाख रुपये की मांगी थी फिरौती
शहर की जगदीशपुरम कॉलोनी निवासी डॉ. वीके सिंह अपने आवास के सामने निजी अस्पताल संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि एक अक्तूबर को उन्हें पहली बार धमकी भरा पत्र रजिस्टर्ड डाक से मिला था। पत्र भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। फिरौती की रकम पहुंचाने के लिए दो अक्तूबर को बिहार के बगहा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बुलाया गया था। रुपये नहीं देने पर उनके तीनों भाइयों और दिल्ली में रह रहे उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
डॉक्टर के अनुसार, उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई और अपने साथ लेकर बिहार के बगहा में पत्र में बताए गए स्थान पर पहुंची लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इसलिए उन्होंने किसी की शरारत समझकर मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले फिर रजिस्टर्ड डाक से धमकी भरा पत्र मिला। इस बार फिरौती नहीं देने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई है। डॉक्टर को दो दिसंबर को बिहार के सिवान स्थित मोहल्ला चौक पर अकेले बुलाया गया है। मामले में डॉक्टर के छोटे भाई डॉ. मनीष कुमार सिंह ने पडरौना कोतवाली में तहरीर दी है। इसके बाद डॉक्टर की सुरक्षा में दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पडरौना मुख्य डाकघर से भेजे गए हैं पत्र
पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों पत्र पडरौना मुख्य डाकघर से भेजे गए हैं। रजिस्ट्री शुल्क ऑनलाइन जमा किया गया है। पुलिस इसकी मदद से पत्र भेजने वाले तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जांच के लिए पुलिस डाकघर भी पहुंची लेकिन वहां लगा सीसीटीवी कैमरा खराब मिला।
पडरौना कोतवाली पुलिस के अलावा स्वॉट टीम को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पत्र पर लिखा मोबाइल नंबर बिहार में सक्रिय होने की जानकारी मिली है। डॉक्टर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। -सिद्धार्थ वर्मा, एएसपी
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
