कुशीनगर: इंस्पेक्टर-हाईवे चौकी प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मी लाइनहाजिर, ईद मिलादुन्नबी जुलूस में हुआ था उपद्रव
कुशीनगर में ईद मिलादुन्नबी पर बृहस्पतिवार को कसया में निकले जुलूस में हुए उपद्रव के मामले में शुक्रवार की देर रात कसया थाने के इंस्पेक्टर, हाईवे कसया चौकी इंचार्ज, एसआई, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया। जुलूस के दौरान लापरवाही पर एसपी धवल जायसवाल ने यह कार्रवाई की है।
वहीं, उपद्रव करने वालों की तलाश में बृहस्पतिवार को रात भर पुलिस ने दबिश दी। मामले में पुलिस ने 16 नामजद सहित कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। शुक्रवार को पुलिस ने 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें से आठ नाबालिग हैं।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि कसया थाने के इंस्पेक्टर डॉ आशुतोष तिवारी, कसया के हाईवे चौकी प्रभारी शशांक राय, एसआई धीरेंद्र वर्मा, हेड कांस्टेबल दिवाकर मिश्रा और कांस्टेबल जितेंद्र खरवार को लाइन हाजिर किया गया है।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर कसया के गोला बाजार में बृहस्पतिवार को हुए उपद्रव मेें पुलिस ने 16 नामजद सहित कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने छह और लोगों को चिह्नित किया है। गोला बाजार और बगल के रामजानकी मठ पर दो थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। हालांकि, वहां माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर कसया नगर में बृहस्पतिवार को निकले जुलूस के दौरान गोला बाजार में हुए उपद्रव और पथराव के मामले में अभी उपद्रवियों की धर-पकड़ जारी है।
वहीं घटनास्थल पर दो थानों प्रभारियों के साथ पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। वहां स्थिति में सुधार है। रोज की भांति नगर में सभी दुकानें खुली रहीं। पुलिस ने इस मामले में पूरी रात लोगों की धर-पकड़ के लिए दबिश जारी रखी तो वहीं कुछ लोग घर छोड़कर भागे हुए हैं। पत्थरबाजी के दौरान वायरल हुए वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस इस मामले से संबंधित व्यक्तियों की तलाश कर रही है।
इस मामले में प्रिंस जायसवाल की तहरीर पर पुलिस 17 नामजद और करीब 25 अज्ञात लोगों पर धार्मिक उन्माद से संबंधित व अन्य विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी हुई है।
नगर के पिपरिया, नौका टोला, कसया, रामजानकी नगर में छापा मारकर उपद्रव में शामिल लोगों को पकड़ा गया है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि जिस तरह पुलिस की मौजूदगी नगर के प्रमुख जगहों पर हुई है, इसी तरह त्योहार के दिन भी चौकन्ना रही होती तो इस तरह की घटना नहीं होती।
प्रशासन ने तभी रोक दिया होता तो बवाल यहां तक नहीं पहुंचता। घटना में शामिल लोगों की जांच पड़ताल की जा रही है। इस संबंध में कसया के सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि मामले में 19 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। उनमें आठ नाबालिग हैं।