असलहे के साथ वीडियो वायरल, पकड़ा गया युवक
काफी दिनों से फेसबुक व ह्वाट्सएप पर खड्डा क्षेत्र के युवक का रिवॉल्वर लिए फोटो वायरल हो रहा है। इस पोस्ट पर खड्डा पुलिस की नजर पड़ी। एसओ ने इसे गंभीरता से लेते हुए युवक की तलाश शुरू कर दी। शनिवार को युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने असलहे के बारे में पूछा तो उसकी हालत पतली हो गई।
पहले तो अपने को सत्ता पक्ष का करीबी बता कर बचना चाहा, लेकिन पुलिस पर कोई असर नहीं हुआ। पूछताछ में स्वीकार किया कि महराजगंज जनपद के एक हिंदू संगठन के पदाधिकारी की रिवॉल्वर लेकर फोटो खींच ली और रुतबा बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था। पुलिस इसकी सच्चाई जानने में जुटी हुई है। एसओ संजय सिंह ने बताया कि दोस्तों में रौब जमाने के लिए दूसरे का असलहा लेकर फोटो खींच कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। इस तरह का आचरण अवैध है। युवक के चाल चलन की जांच की जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।