पुलिस ने 10 संलिप्त धंधेबाजों को पकड़ा, मुकदमा दर्ज
कसया पुलिस लगातार क्षेत्र में धंधक रही कच्ची शराब की भट्ठियों को नष्ट करने व धंधेबाजों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी हुई है। इसी कड़ी में क्षेत्र के हेतिमपुर भैंसहा सदर में शनिवार को छापेमारी की कार्रवाई की गई थी। वहीं फिर रविवार को भी नायब तहसीलदार राधेश्याम उपाध्याय व कोतवाल अतुल्य कुमार पांडेय की अगुवाई में भैंसहा सदर टोला व धुरिया भाठ में कार्रवाई की गई।
मौके से 200 लीटर अपमिश्रित शराब बरामद किया। पुलिस ने 100 क्वितंल लहन नष्ट किया और सात अदद धधकती भट्ठियों को तोड़ा। वहीं पुलिस ने इस धंधे में संलिप्त दस को गिरफ्तार कर थाने ले आई जहां उनके खिलाफ आबकारी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदम दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। टीम में लेखपाल अरविंद पति त्रिपाठी, एसआई मुकेश कुमार मिश्र,हेड कांस्टेबल मुनिनाथ तिवारी, इस्तखार अहमद, अतिमकुमार सिंह, राजमन, राजीव कुमार वर्मा, सोनी चौधरी आदि शामिल रहीं।
ये धंधेबाज हुए गिरफ्तार
पुलिस की ओर से कच्ची शराब के बनाने व बिक्री में संलिप्त धंधेबाजों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत हेतिमपुर भैंसहा सदर निवासी राजेश जायसवाल, धुरिया भाठ निवासी पिंटू, भज्जू,सुकरू प्रसाद व कोन्हवलिया बाबू राम निवासी रतन भारती, पिपराझाम निवासी संतोष, रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गांव कोटवा बावन मोर्चा निवासी दुखहरन यादव व मुन्ना सिंह, हाटा कोतवाली क्षेत्र के झांगा बाजार निवासी भुटेली को गिरफ्तार किया गया है। इन सबके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजे जाने की कार्रवाई चल रही थी।
80 लीटर शराब के साथ आठ लोग गिरफ्तार
कुबेरस्थान। भूपसागर पोखरे के निकट पुलिस ने दबिश देकर 80 लीटर कच्ची शराब और करीब ढाई क्विंटल लहन बरामद की। चार महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी राजीव नारायण मिश्र के निर्देश पर कुबेरस्थान थाने के एसएचओ सुनील कुमार सिंह ने रविवार को अपनी टीम के साथ भूपसागर पोखरे के निकट आदिवासियों के ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस टीम ने जमीन में दबाकर रखी गई शराब और लहन बरामद की। मौके से चार महिलाएं और चार पुरुषों के पास से 80 लीटर शराब बरामद की। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई में एसआई मृत्युंजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार सिंह, कांस्टेबल अमित सिंह, रामनिवास यादव, दीपक यादव, राजन चौहान, रोहित सरोज, अजय मौर्य, महिला कांस्टेबल अर्चना पांडेय, साधना आदि शामिल रहीं।
हरपुर माफी में कच्ची के ठिकानों पर छापा
रामकोला/लक्ष्मीगंज। एसडीएम सदर ने रविवार को रामकोला और कप्तानगंज थाना क्षेत्र में कई जगह कच्ची शराब के ठिकानों पर छापा मारा, लेकिन तब तक कच्ची शराब के धंधेबाज वहां से निकल चुके थे। पुलिस और प्रशासन ने भट्ठियां तोड़ीं और लहन नष्ट करके औपचारिकता पूरी की।
एसडीएम सदर गुलाबचंद्र की अगुवाई में रामकोला थाने के प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार पांडेय तथा कप्तानगंज के एसओ राहुल कुमार सिंह हरपुर माफी गांव में भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। इस गांव में कच्ची शराब के ठिकानों पर छापा मारकर भट्ठियां और लहन नष्ट किया। न तो कच्ची शराब मिली और इसके धंधेबाज। रामकोला थाने के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कच्ची शराब के धंधेबाजों को चिह्नित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पुलिस के छापे में स्प्रिट बरामद
सेवरही। कस्बे के पुरानी बाजार के पासीहट्टा मोहल्ले में रविवार की शाम पुलिस ने अभियान चलाकर कच्ची शराब बनाने वाले ठिकानों पर छापा मारा। इस दौरान स्प्रिट बरामद कर भट्ठियां तोड़ी गईं। पुलिस की इस कार्रवाई से कच्ची शराब के धंधेबाजों में खलबली मची हुई है।
बताया जा रहा है कि इन ठिकानों पर अधिकांश महिलाएं कच्ची शराब बेंचने का कार्य करती हैं। छापे को लेकर पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई। लोगों ने बताया कि इन ठिकानों पर रोजाना नकली शराब बेची जाती है, लेकिन काफी दिन बाद पुलिस ने अभियान चलाकर यहां कार्रवाई की है। एसआई अजीत कुमार यादव ने बताया कि कच्ची शराब के धंधेबाजों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नष्ट की 2500 लीटर लहन
दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के ठाढ़ीभार के तरकुलहा मुसहर टोली में रविवार की शाम एसडीएम व एसओ की ओर से कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। इस दौरान 2500 लीटर लहन बरामद कर नष्ट किया गया। रविवार को एसडीएम प्रमोद कुमार व एसओ अरविंद कुमार मयफोर्स थाना क्षेत्र के ठाढ़ीभार मुसहर बस्ती में पहुंचे। यहां पहुंच कच्ची शराब के ठिकानों पर छापेमारी की। खेत और बागीचों में रखा गया स्प्रीट और लहन बरामद करते हुए नष्ट करा दिया। वहीं शराब बनाने वाली भट्ठियों को तोड़ा गया। एसओ ने बताया कि मुसहर बस्ती में 2500 लीटर लहन नष्ट की गई है। कारोबारी भागने में सफल रहे।