Road Accident : कुशीनगर में बड़ा सड़क हादसा, मजदूरों से भरी बस ने ट्रक में पीछे से मारी टक्कर, चार की मौत
सोमवार देर रात करीब दो बजे हुई इस दर्दनाक दुर्घटना में बस का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के मधेपुरा से पंजाब के लुधियाना जा रही मजदूरों से भरी बस हाटा नगर के बाघनाथ चौराहा के पास आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। सोमवार देर रात करीब दो बजे हुई इस दर्दनाक दुर्घटना में बस का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, 50 मजदूर घायल हो गए जिसमें से 30 की हालत गंभीर होने पर हाटा सीएचसी से जिला अस्पताल और फिर वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मजदूरों को लेकर लुधियाना जा रही थी बस
बिहार राज्य के मधेपुरा जनपद से एक बस मजदूरों को लेकर सोमवार को पंजाब के लुधियाना शहर के लिए निकली थी। इस बस में करीब 80 मजदूर यात्री सवार थे। ये सभी लोग पंजाब के विभिन्न शहरों में मेहनत मजदूरी करते हैं। सोमवार रात करीब दो बजे बस हाटा कोतवाली क्षेत्र के बाघनाथ चौराहे के पास आगे-आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई।
बस ने ट्रक के पिछले हिस्से में इतनी तेज टक्कर मारी कि बस के अगले हिस्से का आधा भाग अलग होकर सड़क पर बिखर गया। घटना के समय अधिकांश यात्री नींद में थे। घटना के बाद चारों ओर चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बस से बाहर निकाल कर सभी को हाटा सीएचसी पर पहुंचाया जहां डॉक्टर ने दो यात्रियों को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल 31 लोगों की हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टर ने उन्हें रेफर कर दिया। रेफर हुए घायलों में से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि शेष घायलों का इलाज जिला अस्पताल और गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जिन लोगों को हल्की फुल्की चोटें आई थीं उनका प्राथमिक उपचार कर हाटा सीएचसी से ही छुट्टी दे दी गई। मृतकों की पहचान मधेपुरा के रहने वाले संदीप (19), हृदयानंद (60), पूरन (20) और सुनील कुमार (25) के रूप में हुई है।
इस संबंध में हाटा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि रात में एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भेजा गया है। चार मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।