पडरौना। जिले में लागातार सामने आ रही पराली जलाने के मामलों के प्रति जिला प्रशासन गंभीर हो गया है। बृहस्पतिवार को जिले में पराली जलाने के आरोप में 32 किसानों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया है। इसमें हाटा तहसील क्षेत्र के 14 और कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के 18 किसान शामिल हैं।
उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने बताया कि जिले में पराली जलाने की घटनाओं में निरंतर वृद्धि हो रही है। इसको रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कठोर कदम उठाते हुए किसानों पर जुर्माने की कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक पराली जलने की कुल 92 मामले सामने आए हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए हाटा तहसील क्षेत्र के 14 और कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के 18 किसानों 1,60,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने भी राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को पराली जलाने की घटना के संबंध में कार्रवाई करने में शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने किसानों से उन्नतशील कृषि यंत्रों जैसे मल्चर, रोटरी स्लैशर, स्ट्रा रीपर एवं पैडी स्ट्रा चाॅपर आदि का प्रयोग करते हुए पराली का उपयोग खेत में ही करने की अपील करते हुए बताया कि कृषि विभाग की तरफ से पराली प्रबंधन के लिए बायो डी कंपोजर की व्यवस्था की गई है, जिसका वितरण राजकीय बीज भंडारों किसानों को निशुल्क कराया जा रहा है।