'मोदी और राहुल हैं अंबानी के चमचे'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर में आम आदमी पार्टी की रैली में अरविंद केजरीवाल ने नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी लहर सिर्फ टीवी चैनलों पर है। जनता में तो गुस्से की लहर है।
केजरीवाल ने अपने भाषण में फिर से अंबानी को निशाने पर लिया। एक अप्रैल से गैस के दाम बढ़ने की बात कहते हुए केजरीवाल ने यूपीए सरकार पर अंबानी से पैसे लेने का आरोप लगाया। भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने सारे गैस के कुएं अंबानी को दे दिए।
केजरीवाल ने कहा कि मोदी और राहुल अंबानी के दिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसलिए दोनों अंबानी का पक्ष ले रहे हैं। कहा कि मोदी और राहुल अंबानी के चमचे हैं।
वाड्रा से है मोदी की सेटिंग
केजरीवाल ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर रॉबर्ट वाड्रा से सेटिंग करने का आरोप लगाया। कहा कि मोदी वाड्रा के खिलाफ कुछ क्यों नहीं बोलते।
दिल्ली की अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए केजरीवाल ने कहा कि 48 दिनों में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ पांच एफआईआर दर्ज करा दीं। केजरीवाल ने मोदी से जवाब मांगा कि राजस्थान में बीजेपी सरकार 75 दिनों में वाड्रा के खिलाफ एक भी एफआईआर क्यों नहीं दर्ज करवा सकी?
केजरीवाल ने मोदी पर अंबानी से भी सेटिंग करने का आरोप लगाया। कहा कि अभी कांग्रेस को पैसा देकर अंबानी एक डॉलर का गैस आठ डॉलर में बेच रही है। लेकिन मोदी के आने के बाद अंबानी गैस का दाम सोलह डॉलर करवा लेंगे। कहा कि मोदी ने गुजरात क्या विकास किया है, यह देखने वह खुद वहां जाएंगे।
केंद्र में आप के बिना सरकार नहीं
उत्तर प्रदेश में हुए दंगे के मुद्दे पर केजरीवाल ने कहा कि घोटालों को दबाने के लिए चुनाव के समय जानबूझकर नेता दंगा करवाते हैं ताकि मुसलमानों का वोट मुलायम को और हिंदुओं का वोट बीजेपी को मिल जाए।
केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार आएगी तो दंगा करवाने वाले नेता को ऐसी सख्त सजा देगी कि रूह कांप जाए।
केजरीवाल ने दावा किया लोकसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी कम से कम सौ सीटें जीतेगी। यह भी दावा कि किया कि केंद्र में कोई भी सरकार आप के समर्थन के बिना नहीं बन पाएगी।
मोदी पर साधा आप नेताओं ने निशाना
रैली में आप नेता आशुतोष ने कहा कि राजनीति में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अपराधियों की वजह से उत्तर प्रदेश जाना जाता है। मोदी पर निशाना साधते हुए बोले कि क्या यूपी को किसी बाहरी आदमी की जरूरत है? क्या इस राज्य के पास अपने नेता नहीं बचे?
सोमनाथ भारती ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आप ने भाजपा और कांग्रेस की पोल खोल दी है। उन्होंने जनता से कहा कि 'झाड़ू चलाओ, देश बचाओ'। आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि रोड शो के दौरान उनको मोदी की लहर कहीं नहीं दिखी।
रैली में आप नेता गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए। उनके बाद बोलते हुए आप नेता संजय सिंह ने कहा कि अगर भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी वाराणसी से चुनाव लड़े तो अरविंद केजरीवाल उनके खिलाफ खड़े होंगे।